![]()
17 हजार में 8000 पुराने ग्राहक शिफ्ट हुए… जनवरी 2026 में बड़ा तालाब के पास स्थित मुक्ति गैस एजेंसी बंद होने से इसके करीब 17 हजार ग्राहकों को दूसरी एजेंसियों में शिफ्ट कर दिया गया था। अब नौ माह बाद एजेंसी दोबारा चालू होने पर ग्राहकों को फिर से मुक्ति में लौटाया जा रहा है। करीब 8 हजार ग्राहकों की शिफ्टिंग हो चुकी है, लेकिन गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें अब भी सामने आ रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बुकिंग के बाद डीएसी नंबर मिलने और सिलेंडर की डिलीवरी में देरी को लेकर है। उरांव गैस सर्विस के ग्राहकों का कहना है कि बुकिंग के बाद डीएसी नंबर मिलने में ही एक सप्ताह लग जाता था और सिलेंडर के लिए आठ दिन और इंतजार करना पड़ता था। मुक्ति में दोबारा शिफ्ट होने के बाद भी समय पर गैस नहीं मिल रही है। ऐसे में सवाल है कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति कब सुनिश्चित होगी। क्या कहते हैं उपभोक्ता… किस तरह की परेशानी आ रही कौशल कुमार : डीएसी नंबर आने के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर
14 अक्टूबर को मैसेज आया कि मुझे उरांव गैस से दोबारा मुक्ति गैस में शिफ्ट कर दिया गया है। बुकिंग का डीएसी नंबर आ गया है। शुक्रवार को मुक्ति गैस एजेंसी की गाड़ी भी आई, पर सिलेंडर नहीं दिया, कहा मोबाइल नंबर ट्रांसफर नहीं हुआ है। अक्षय कुमार : गैस खत्म, लेकिन संपर्क करने का रास्ता नहीं
मैसेज मिला कि मेरा कनेक्शन जयंत गैस से दोबारा मुक्ति गैस में ट्रांसफर कर दिया गया है। लेकिन अब तक एजेंसी की ओर से कोई संपर्क नहीं किया गया है। घर में गैस खत्म हो गई है, किससे संपर्क करूं। आनंद केसरी : पिछली बुकिंग 45 दिन में मिल रहा गैस सिलेंडर
मुझे मुक्ति गैस से उरांव गैस में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद से ही काफी परेशानी हो रही है। एक सिलेंडर के लिए करीब 45 दिन इंतजार करना पड़ रहा है। अब दोबारा मुक्ति गैस में शिफ्ट किया जा रहा है, पर कोई मैसेज नहीं मिला। अमित कुमार : बुकिंग के बाद डीएसी नंबर मिला, डिलीवरी नहीं
मैंने एक अक्टूबर को उरांव गैस एजेंसी में सिलेंडर बुक कराया था। डीएसी नंबर भी आ गया। 14 अक्टूबर को मेरा कनेक्शन दोबारा मुक्ति गैस में ट्रांसफर कर दिया गया। अब तक सिलेंडर नहीं मिला।
ये हैं ग्राहकों की 5 परेशानियां… उपभोक्ताओं को राहत देना शिफ्टिंग का उद्देश्य
कंपनी के एक अधिकारी के अनुसार, उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। मुक्ति गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को धीरे-धीरे पुन: एजेंसी में शिफ्ट किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि जिन उपभोक्ताओं को पिछला सिलेंडर लेने के बाद 25 दिन पूरे नहीं हुए हैं, उनका भी समय रहते ट्रांसफर कर दिया जाए। इससे अगली बार गैस बुकिंग की अवधि आने तक उन्हें सिलेंडर प्राप्त करने में परेशानी नहीं होगी।
शिफ्ट हुए ग्राहकों को समय पर नहीं मिल रही गैस:9 महीने बाद अक्टूबर में फिर शुरू हुई मुक्ति गैस एजेंसी
