![]()
कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत पचगांवा गांव में रविवार को एक 17 वर्षीय युवक का शव उसके घर से संदिग्ध स्थिति में बरामद किया गया। मृतक की पहचान द्वारका मेहता के पुत्र रूपेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। वहीं, आसपास के लोगों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, रूपेश के पिता द्वारका मेहता लुधियाना में काम करते हैं। रूपेश अपने एक भाई और मां लक्ष्मी देवी के साथ गांव में रहता था। रविवार को नवरात्र के कारण उसकी मां उपवास पर थी। दोपहर में लक्ष्मी देवी ने रूपेश से बकरी चराने जाने को कहा और इसके बाद कहीं चली गईं। कुछ देर बाद जब वह लौटीं, तो देखा कि रूपेश घर पर ही आराम कर रहा था और बकरियों को लेकर खेत की ओर नहीं गया था। इस बात से नाराज होकर उन्होंने रूपेश को घर के अंदर बंद कर दिया। देर शाम घर लौटी मां तो फंदे पर मिला बेटा परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम लक्ष्मी देवी जब दोबारा घर लौटीं और दरवाजा खोलकर अंदर गईं, तो रूपेश को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। बेटे की हालत देखकर वह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार, रूपेश उस समय जमीन पर मूर्छित अवस्था में पड़ा था। लोगों ने उसके चेहरे पर पानी की छींटे मारकर उसे होश में लाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की आशंका घटना के बाद आसपास के लोगों ने युवक की मौत को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रूपेश ने फांसी लगाई थी, तो उसे फंदे से नीचे किसने उतारा? उनका कहना है कि युवक का शव जमीन पर पड़ा मिला, इसलिए पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। कुछ स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि रूपेश की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई हो सकती है। हालांकि, यह ग्रामीणों की आशंका है। फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। मौके पर पहुंची पुलिस, पता लगाने में जुटी घटना की सूचना मिलने के बाद डोमचांच थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और ग्रामीणों की ओर से उठाए जा रहे सवालों के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रूपेश की मौत आत्महत्या से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कोडरमा में घर से युवक का शव बरामद:बकरी चराने नहीं जाने पर मां ने किया था बंद; पड़ोसियों को हत्या का शक, पुलिस जांच में जुटी
