![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो और चास में रविवार को महाअष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही शहर के विभिन्न दुर्गा मंडपों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। पूजा पंडालों में ढाक, शंख और नगाड़ों की गूंज के बीच भक्तों ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दुर्गापूजा को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। महाअष्टमी पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में बने आकर्षक पूजा पंडालों में दिनभर चहल-पहल रही। सेक्टर-2सी, सेक्टर-12, सेक्टर-9 वैशाली मोड़ और सेक्टर-9 आलोक चौक स्थित भव्य पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। लोग परिवार और दोस्तों के साथ पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन कर रहे हैं। वहीं, पंडालों की सजावट और आकर्षक विद्युत रोशनी भी लोगों को आकर्षित कर रही है।
महागौरी की पूजा-अर्चना, भक्तों की उमड़ी भीड़
