
CPIM Bookstall Vandalised: पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा उत्सव के बीच वामपंथी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) के एक और बुक स्टॉल (Book Stall) पर कथित तौर पर हमला हुआ है. ताजा मामला उत्तर बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर से सामने आया है. यहां मंगलवार (20-21 अक्टूबर की आधी रात) को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने माकपा के बुक स्टॉल पर हमला कर तोड़फोड़ की.
जयंत देब समेत कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल
माकपा का आरोप है कि तोड़फोड़ का विरोध करने पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की गयी. इसमें उसके कई कार्यकर्ता लहूलुहान हो गये. माकपा के मुताबिक, हमले में इस्लामपुर के स्थानीय माकपा नेता जयंत देब सहित कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्टॉल में रखी दर्जनों वैचारिक और राजनीतिक किताबें नष्ट कर दी गयीं.
‘शारदोत्सव’ बनाम ‘दुर्गा पूजा’ बैनर विवाद, क्यों भड़की हिंसा?
पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा पंडालों के पास हर साल लगने वाले माकपा के साहित्यिक पुस्तकों के स्टॉल्स को तोड़े जाने के मुद्दे पर पिछले कुछ हफ्तों से राजनीतिक लड़ाई जारी है. माकपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में 100 से अधिक बुक स्टॉल पर हमले हुए हैं. उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट की विचारधारा को कोई रोक नहीं पायेगा. दुर्गा पूजा के बाद कालीपूजा और क्रिसमस में भी पार्टी अपने स्टॉल लगायेगी. त्योहारों के खत्म होने के बाद पार्टी इस मुद्दे पर पूरे बंगाल में विरोध-प्रदर्शन भी करेगी.
ये भी पढ़ें: बंगाल में दुर्गा पूजा के बीच माकपा के बुक स्टॉल पर बवाल, भाजपा पर लगे आगजनी और तोड़फोड़ के आरोप
शुभेंदु अधिकारी बोले- पार्टी कार्यालय में लगायें स्टॉल
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछले महीने ही राज्य की दुर्गा पूजा समितियों को स्पष्ट कहा था कि यदि माकपा अपने होर्डिंग्स और बैनरों पर ‘दुर्गा पूजा’ शब्द की बजाय ‘शारदोत्सव’ (शरद उत्सव) शब्द का उपयोग करती है, तो उन्हें पंडाल या उसके आसपास स्टॉल लगाने की अनुमति न दी जाये. मुख्यमंत्री का कहना है कि जो दल सनातन मान्यताओं और देवी पूजा को नहीं मानता, उसे धार्मिक उत्सव के दौरान राजनीतिक प्रचार करने की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने माकपा से कहा कि वे पूजा पंडालों के आसपास स्टॉल लगाने की बजाय अपने पार्टी कार्यालय में लगायें.
प्रशासनिक और असामाजिक कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कई जिलों में स्थानीय प्रशासन ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) या अनुमति न होने का हवाला देकर माकपा के बुक स्टॉल्स को हटवा दिया. कई इलाकों में हिंसक झड़पें और तोड़फोड़ की घटनाएं दर्ज की गयी हैं.
हिंसा या तोड़फोड़ को समर्थन नहीं : शमिक भट्टाचार्य
पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी तरह की हिंसा या बुक स्टॉल में तोड़फोड़ का समर्थन नहीं करती है. हालांकि, उन्होंने वामपंथियों की सनातन विरोधी मानसिकता पर सवाल भी उठाये.
इस्लामपुर में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद इस्लामपुर इलाके में तनाव फैल गया. माकपा नेतृत्व ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए जयंत देब और अन्य घायल कार्यकर्ताओं पर हमला करने वाले दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. रायगंज पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस्लामपुर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया गया है और इलाके में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में माकपा मुख्यालय के बाहर चंडी पाठ, सुजन चक्रवर्ती बोले- हमारे कार्यकर्ता सही उच्चारण सिखा देंगे
The post दुर्गा पूजा बनाम शारदोत्सव : बंगाल के इस्लामपुर में माकपा के बुक स्टॉल में तोड़फोड़, कई कार्यकर्ता लहूलुहान appeared first on Prabhat Khabar.

