![]()
पलामू में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। पड़ोसी ने तीन दिन पहले इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी सोनू राम (53) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगराडीह गांव में महंग राम के 23 वर्षीय बेटे विवेक कुमार की तबीयत खराब थी। रांची में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विवेक की मौत के बाद उसके चाचा सोनू राम और परिवार के अन्य सदस्यों को शक हुआ कि 61 वर्षीय पड़ोसी सीताराम राम ने तंत्र-मंत्र किया है। इसी अंधविश्वास के चलते सोनू राम ने सीताराम राम की गला घोंटकर और कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। सीताराम के परिजनों ने नौडीहा बाजार थाने में डायन-बिसाही के आरोप में हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि जांच के दौरान 22 अक्टूबर को मुख्य आरोपी सोनू राम को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी मिली है। एसपी कपिल चौधरी ने लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने और ऐसी स्थिति में डॉक्टरी मदद लेने की अपील की है।
अंधविश्वास में पड़ोसी बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या:भतीजे की मौत का बदला लेने के लिए चाचा ने किया था कत्ल, आरोपी गिरफ्तार
