विधानसभा थाना क्षेत्र के हटिया स्थित होटवासी के मिलन चौक स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा पंडाल में गरबा के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। काजल किरण सिंह की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें युवक की कलाई तोड़ने, सोने का लॉकेट और दो हजार रुपए छीनने तथा जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है। आवेदन के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे पंडाल में महिलाएं और लड़कियां गरबा कर रही थीं। इसी दौरान सुशांत सिंह दो दोस्तों के साथ वहां पहुंचे। आयोजकों ने उन्हें बाहर जाने को कहा, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद काजल के पुत्र शिवम कुमार सिंह और आठ-दस वॉलंटियर युवकों ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा। आरोप है कि इस पर सुशांत ने गाली-गलौज करते हुए शिवम से मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान सुशील कुमार देव अपने बड़े बेटे सिद्धार्थ के साथ पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने शिवम के साथ मारपीट कर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी कलाई टूट गई। गले से सोने का लॉकेट और दो हजार रुपए छीनने के साथ फोन पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
