बोकारो | राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित गणितीय परीक्षा आईओक्यूएम (इंडियन ओलंपियाड क्वालीफायर इन मैथमेटिक्स) में डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। परीक्षा की ए कैटेगरी (कक्षा 8वीं से 11वीं) में विद्यालय के 10 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल कर आरएमओ (रीजनल मैथमेटिकल ओलंपियाड) के लिए क्वालीफाई किया। 11वीं कक्षा के रौनक राज ने 48 अंक प्राप्त कर स्कूल में पहला स्थान हासिल किया। इसी कक्षा के शौर्य अग्रवाल 40 अंकों के साथ दूसरे और 10वीं के आशुतोष कुमार मिश्रा 38 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अन्य सफल विद्यार्थियों में नौवीं के सरित चक्रवर्ती, 11वीं के लक्ष कुमार, नौवीं के अर्पित आर्या, 11वीं के शौर्य प्रकाश, आठवीं के प्रत्यूष ठाकुर एवं सजग सूर्यांश पांडेय तथा 10वीं की आहेली महतो शामिल हैं। प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, गणित के प्रति लगन और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि आईओक्यूएम भारतीय गणित ओलंपियाड कार्यक्रम का प्रथम चरण है। इसका आयोजन मैथमैटिक्स टीचर्स एसोसिएशन और होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन संयुक्त रूप से करते हैं।
