Saturday, October 24, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

केक-बेकरी की दुकानों में मिले एक्सपायरी सामान:कीड़े भी लगे थे, एक का लाइसेंस सस्पेंड; दूसरे शॉप को 3 दिन के लिए किया बंद


पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने केक और बेकरी से जुड़े कई प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान एक्सपायरी खाद्य सामग्री, गंदगी, कीड़े, खराब भंडारण और लेबलिंग में गड़बड़ी जैसी कमियां मिलीं। विभाग ने एक्सपायरी और इस्तेमाल के लायक नहीं बची खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया। कुछ सामान में कीड़े भी लगे थे। गंभीर गड़बड़ियां मिलने पर जक्कनपुर स्थित The Cake’s Delight का लाइसेंस निलंबित कर दिया। यहां एक्सपायर सामान मिला। साथ ही, उसे केक बनाने का काम बंद रखने का निर्देश दिया। वहीं, बड़ी पहाड़ी स्थित Winni Retails Pvt. Ltd. को तीन दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने अन्य प्रतिष्ठानों को भी कमियां दूर करने की चेतावनी दी है। कुछ प्रतिष्ठानों को 14 दिनों में सुधार करने का नोटिस दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय में कमियां दूर नहीं करने पर लाइसेंस निलंबित करने या रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है। The Cake’s Delight में 13,500 रुपए का एक्सपायरी सामान मिला जक्कनपुर थाना क्षेत्र के न्यू बिग्रहपुर ढलाई रोड स्थित The Cake’s Delight की जांच में कई कमियां मिलीं। प्रतिष्ठान में खाद्य लाइसेंस भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। किचन, स्टोर, कारखाने और नाली की सफाई ठीक नहीं थी। शौचालय की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने लूज चीज और चोको ड्राई केक के नमूने लिए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी मिली। इसमें डोनट बनाने का पाउडर, व्हाइट और डार्क चॉकलेट, स्ट्रॉबेरी फ्लेवर वाला कंपाउंड, मिल्क कंपाउंड, फ्रूट कॉकटेल, टोमैटो केचप, पनीर और केक सहित कई सामान शामिल थे। विभाग ने करीब 13,500 रुपए की खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया। तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रतिष्ठान को 14 दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने का नोटिस भी दिया गया है।
The Cake Boss में 4,450 रुपए का सामान जब्त बोरिंग कैनाल रोड के एसके पुरी स्थित The Cake Boss की जांच में भी साफ-सफाई और खाद्य सामग्री रखने की व्यवस्था में कमी मिली। प्रतिष्ठान में काम करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र भी नहीं दिखाए गए। जांच के दौरान करीब 4,450 रुपए की खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसमें केक बेस, स्ट्रॉबेरी कलर और अन्य सामान शामिल हैं। विभाग ने प्रतिष्ठान को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और केक बनाने के सामान को रखने के लिए अलग-अलग जगह की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। साथ ही, कर्मचारियों के जरूरी स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध रखने और खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन करने को कहा गया है।
Laxmi Enterprises के केक पर नहीं लिखी थी तारीख पटना के बेली रोड स्थित शेखपुरा मिडिल स्कूल के पास लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर Laxmi Enterprises की भी जांच की गई। यहां कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र नहीं मिले। खाद्य लाइसेंस भी सही तरीके से प्रदर्शित नहीं किया गया था। इसके अलावा, लाइसेंस में जरूरी बदलाव भी नहीं कराए गए थे। जांच में केक पर बनाने की तारीख और उसे इस्तेमाल करने की अंतिम तारीख नहीं लिखी मिली। विभाग ने प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया है। Winni Retails में एक्सपायरी सामान और गंदे कंटेनर मिले पटना सदर के बड़ी पहाड़ी स्थित Winni Retails Pvt. Ltd. की जांच में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आईं। यह प्रतिष्ठान इंडियन ऑयल अलोक पेट्रोल पंप और स्टार हॉस्पिटल के पास स्थित है। जांच के दौरान परिसर में कीड़े मिले और कूड़ेदान खुला हुआ था। कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट भी नहीं थी। खाद्य सामग्री रखने की जगह पर एक्सपायरी कच्चा माल और गंदे कंटेनर मिले। खाद्य सामग्री के साथ गैर-खाद्य सामान भी रखा गया था। प्लास्टिक के डिब्बों की सफाई ठीक नहीं थी। डीप फ्रीजर का तापमान दर्ज करने वाली लॉगबुक भी नहीं मिली। जांच के दौरान लूज चॉकलेट फ्लेवर वाले केक मिक्स का नमूना लिया गया। वहीं, करीब 5 किलो ब्राउनी बनाने का पाउडर, 3 किलो इस्तेमाल क्रीम, पांच ब्रेड और केक, टोफू और दही सहित अन्य खराब या अनुपयुक्त सामग्री को मौके पर नष्ट करा दिया गया। विभाग ने प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से तीन दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया है।
Monginis के नाम से जुड़े प्रतिष्ठान में भी मिली गंदगी पटना जिले के मसौढ़ी प्रखंड के फतेहपुर स्थित रविदास टोला में हाईवे के पास Devour Your Foods LLP के प्रतिष्ठान की जांच की गई। प्रेस विज्ञप्ति में इस हिस्से को Monginis के प्रतिष्ठान से संबंधित बताया गया है। जांच के दौरान बिना ढक्कन वाला कूड़ेदान मिला। शौचालय की साफ-सफाई भी ठीक नहीं थी। विभाग ने इन कमियों को दूर करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को दी चेतावनी खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि केक, बेकरी और दूसरे खाद्य पदार्थ बनाने और बेचने वाले प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। खाद्य सामग्री को सुरक्षित जगह पर रखना, एक्सपायरी सामान का इस्तेमाल नहीं करना, कर्मचारियों की स्वच्छता बनाए रखना और पैकेट पर जरूरी जानकारी लिखना भी अनिवार्य है। विभाग के अनुसार, गंदगी के बीच खाद्य पदार्थ बनाना और एक्सपायरी सामग्री रखना लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रहेगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles