![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो स्टील प्लांट के सतर्कता विभाग की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत मानव संसाधन विभाग के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में ‘जागृति 3.0 क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बीएसएल, इस्को एवं कोलियरीज की कुल 51 टीमों के 102 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच सतर्कता, नैतिकता, सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इन मूल्यों को कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कार्यस्थल पर ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि संगठन में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता तथा सतर्कता संबंधी विषयों की समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में वरिष्ठ प्रबंधक (आरसीएल) शुभम एवं वरिष्ठ प्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) अमन की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एचएसएम विभाग के वरीय प्रबंधक श्री राहुल पांडा एवं ओवैस अहमद की टीम उपविजेता रही, जबकि महाप्रबंधक (सीएमएम) देब्रता चौधरी एवं महाप्रबंधक (एमएम) राजीव गौतम की टीम ने द्वितीय उपविजेता स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का संचालन क्विज मास्टर के रूप में सहायक महाप्रबंधक (पीपीसी एवं एससी) श्री आनंद राज तथा सहायक महाप्रबंधक (वर्क्स एडमिनिस्ट्रेशन) शुभम वर्मा ने किया।
जागृति क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से दिया गया सतर्कता, सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों का संदेश
