
Supaul News: मुजफ्फरपुर की रहने वाली 21 वर्षीय नवविवाहिता दामिनी कुमारी के लिए फेसबुक पर मिला प्यार ही उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा काल बन गया. करीब 10 महीने पहले मुजफ्फरपुर निवासी राजकुमार मंडल की बेटी दामिनी का संपर्क फेसबुक के माध्यम से सुपौल जिले के सरायगढ़ प्रखंड अंतर्गत लौकहा पंचायत के वार्ड नंबर 03 निवासी किनू साह के बेटे संजीव कुमार साह से हुआ था.
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें बढ़ीं और यह जान-पहचान प्यार में बदल गई. दोनों ने समाज और दुनिया की परवाह किए बिना प्रेम विवाह रचा लिया और साथ जीने-मरने की कसमें खाईं. लेकिन किसे पता था कि यह प्यार महज कुछ ही महीनों में नफरत की आग में बदल जाएगा.
शादी के बाद रिश्तों में आई खटास
शादी के शुरुआती दिन तो ठीक-ठाक बीते, लेकिन जल्द ही दोनों के रिश्तों में कड़वाहट घुलने लगी. शादी के बाद दामिनी एक बार अपने ससुराल लौकहा गांव आकर रही और फिर वापस अपने मायके चली गई. इसके बाद पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद और कलह शुरू हो गई. दोनों के बीच की दूरी लगातार बढ़ती जा रही थी.
शनिवार को पति संजीव कुमार साह ने अचानक सुलह और बातचीत के बहाने दामिनी को मुजफ्फरपुर से अपने घर लौकहा बुलाया. दामिनी को लगा कि शायद सब कुछ ठीक हो जाएगा और वह अपने पति के बुलावे पर भरोसा करके लौकहा आ गई. लेकिन उसे क्या पता था कि उसके लिए वहां मौत का खौफनाक जाल बिछाया गया था.
सुनसान जगह पर ले जाकर पति ने शरीर पर छिड़का पेट्रोल
शनिवार की रात को सरायगढ़ के लौकहा गांव में जो कुछ भी हुआ, उसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया. आरोप है कि शनिवार की रात संजीव अपनी पत्नी दामिनी को घर के अंदर से फुसलाकर बाहर सुनसान जगह पर ले गया. वहां पहुंचते ही उसने बिना किसी रहम के दामिनी के शरीर पर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया.
आग की लपटों से घिरी 21 साल की नवविवाहिता चीखती-चिल्लाती रही और अपनी जान बचाने की गुहार लगाती रही. आरोप यह भी है कि इस जघन्य वारदात के दौरान महिला के साथ मौजूद उसका सामान और गहने भी लूट लिए गए. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े.
70 फीसदी झुलसी महिला ने तोड़ा दम
ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना भपटियाही थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से झुलसी दामिनी को तुरंत एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायगढ़-भपटियाही में भर्ती कराया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. लक्ष्मीकांत राय ने प्राथमिक इलाज शुरू किया.
डॉक्टर के अनुसार पेट्रोल से लगी आग के कारण महिला का शरीर करीब 70 प्रतिशत तक बुरी तरह झुलस चुका था. उसकी बेहद गंभीर और नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया. जहां जीवन और मौत के बीच संघर्ष करते हुए रविवार को आखिरकार दामिनी ने दम तोड़ दिया.
Supaul News: मायके में पसरा मातम और पुलिस की कार्रवाई
दामिनी की मौत की खबर मिलते ही मुजफ्फरपुर स्थित उसके मायके में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक हंसती-खेलती बेटी की इस तरह दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके के लोगों को सन्न कर दिया है. भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम को सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया है और मृतका के परिजनों को घटना की आधिकारिक सूचना दी जा रही है.
परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि आरोपी पति और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी. यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया पर बने रिश्तों के अंधे मोड़ और घरेलू हिंसा के खौफनाक रूप को उजागर करती है.
Also Read: JDU से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह का ऐलान, बोले- नई पार्टी बना लेंगे, बताया फ्यूचर प्लान
Also Read : बिहटा पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, MLC जीवन कुमार के परिवार ने अंगवस्त्र देकर किया स्वागत
The post सुपौल में पति ने पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, 70% झुलसी दामिनी की अस्पताल में मौत appeared first on Prabhat Khabar.

