![]()
भास्कर न्यूज|गुमला आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 13 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय सरस मेले में झारखंड की लखपति दीदियां अपनी भागीदारी दर्ज करा रही हैं। इस राष्ट्रीय स्तर के मेले का उद्घाटन 15 अक्टूबर 2026 को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में किया। इस मेले में गुमला जिले के बघिमा, पालकोट स्थित जोहड़ रागी एफपीओ तथा भरनो स्थित कस्तूरी मक्का एफपीओ भी भाग ले रहे हैं। दोनों एफपीओ झारखंड के अन्य जिलों से आए प्रतिभागियों के साथ मेले में अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। राष्ट्रीय सरस मेला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, ग्रामीण उद्यमियों तथा किसान उत्पादक संगठनों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन व व्यापक बाजार से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पादित स्थानीय कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। इससे महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलता है। गुमला जिले के दोनों एफपीओ की सहभागिता स्थानीय कृषि उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने, उत्पादों के मूल्य संवर्धन तथा ग्रामीण आजीविका के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इससे स्थानीय उत्पादकों को नए बाजारों से जुड़ने का अवसर मिल सकता है। वे अपने उद्यम को आगे बढ़ा सकते हैं। राष्ट्रीय सरस मेला में झारखंड की लखपति दीदियों तथा गुमला के किसान उत्पादक संगठनों की सहभागिता जिले के स्थानीय उत्पादों, ग्रामीण उद्यमिता तथा महिला सशक्तीकरण को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है।
गुमला के दो एफपीओ कर रहे उत्पादों का प्रदर्शन
