Tuesday, October 27, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

'विधवा महिला के लिए दामाद ने बेटी को मारा':दरभंगा में महिला की हत्या के बाद शव जलाने का आरोप, वारदात के बाद पति परिवार समेत फरार


दरभंगा के पतोर थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव में एक विवाहिता की हत्या कर शव को घर से करीब पांच किलोमीटर दूर एक बगीचे में जलाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान कमलपुर गांव के रहने वाले अजीत यादव की पत्नी संगीता देवी (31) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे तो शव पूरी तरह जल चुका था। वहीं, घर पर पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग नहीं मिले। मृतका की मां शल्या देवी ने अपने दामाद अजीत यादव, उसके पिता गरीब यादव और ससुराल के अन्य लोगों पर मिलकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि अजीत का किसी दूसरी विधवा महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। संगीता इसका विरोध करती थी। इसी विवाद में उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। सात साल पहले हुई थी शादी, चार बच्चों की मां थी संगीता मृतका की मां शल्या देवी ने बताया कि करीब सात साल पहले उन्होंने अपनी बेटी संगीता की शादी अजीत यादव से की थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। संगीता के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। मां के अनुसार, अजीत मोबाइल के इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाता है और ट्रैक्टर भी चलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक साल से अजीत दूसरी महिला के संपर्क में था और दूसरी शादी करने की बात कहता था। संगीता इसका विरोध करती थी। वह अपने चार बच्चों का हवाला देकर दूसरी शादी नहीं करने देने की बात कहती थी। इसी विवाद को हत्या की वजह बताते हुए मृतका की मां ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां बोली- आखिरी बार बेटी का चेहरा भी नहीं देख पाई मृतका की मां ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी सुबह मिली। जब वह बेटी के ससुराल पहुंचीं तो घर खाली था और वहां कोई नहीं मिला। बाद में उन्हें पता चला कि शव को गांव से दूर एक बगीचे में जलाया गया है। वहां पहुंचने पर शव पूरी तरह जल चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि शव को जल्द जलाने के लिए खाद और चीनी का इस्तेमाल किया गया। परिजनों के मुताबिक, वे घटनास्थल से जली हुई हड्डियों और राख के कुछ अवशेष के साथ वहां मिले खाद और चीनी के नमूने भी लेकर आए और पुलिस को सौंपे हैं। मां का कहना है कि वह अपनी बेटी का अंतिम दर्शन तक नहीं कर सकीं। घटना के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बेटी और दामाद की तस्वीर लेकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस को आवेदन, साक्ष्य जुटाने के लिए टीम बुलाई गई मृतका के मायके पक्ष ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मृतका की मां ने पुलिस पर शुरुआत में आवेदन नहीं लेने का भी आरोप लगाया है। पतोर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है।FSL की टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में हत्या के आरोपों, शव जलाए जाने की परिस्थितियों और कथित प्रेम-प्रसंग की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles