Thursday, October 29, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

जमुई से लापता विवाहिता राजस्थान में मिली:4 महीने कपास के खेतों में काम कराया, बेटी बनाकर रखने का झांसा देकर ले जाने का आरोप


जमुई के चकाई थाना क्षेत्र से लापता हुई एक विवाहिता को पुलिस ने करीब 2200 किलोमीटर दूर राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से सकुशल बरामद किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि चकाई मोड़ से दो महिलाएं उसे अपने साथ ले गई थीं। उसे बेटी की तरह रखने का भरोसा दिया गया, लेकिन राजस्थान पहुंचने के बाद करीब चार महीने तक कपास के खेतों में काम कराया गया। इस दौरान उसे अपने परिजनों से संपर्क भी नहीं करने दिया गया। हालांकि, महिला ने उसे 70 हजार रुपये में बेचे जाने के आरोप से इनकार किया है। पुलिस अब महिला के राजस्थान पहुंचने की परिस्थितियों और पूरे मामले की जांच कर रही है। 9 जुलाई को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की प्राथमिकी मामले में पीड़िता के पिता ने 9 जुलाई को चकाई थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। एसआई मोतीलाल साह के नेतृत्व में विशेष टीम को राजस्थान भेजा गया। वहां श्रीगंगानगर जिले के घमूड़वाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिड़मलसर पुलिस चौकी की मदद से महिला को बरामद किया गया। बरामदगी की जगह भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब दो किलोमीटर दूर बताई गई है। बेटी बनाकर रखने का भरोसा, फिर खेतों में कराया काम महिला ने पुलिस को बताया कि चकाई मोड़ से दो महिलाएं उसे अपने साथ ले गई थीं। उन्होंने उसे बेटी की तरह रखने का भरोसा दिया था। लेकिन राजस्थान पहुंचने के बाद उससे कपास के खेतों में करीब चार महीने तक काम कराया गया। इस दौरान उसे परिवार के लोगों से बातचीत करने की अनुमति नहीं दी गई। महिला के अनुसार, उसे साथ ले जाने वाली एक महिला हमेशा मास्क लगाए रहती थी। इस कारण वह आज तक उसका चेहरा नहीं देख सकी है। 70 हजार रुपये में बेचने की बात से इनकार पुलिस की शुरुआती जांच में महिला को करीब 70 हजार रुपये में बेचे जाने की आशंका सामने आने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, पीड़िता ने इस बात से इनकार किया है। ऐसे में यह पता लगाना अहम होगा कि उसे किन परिस्थितियों में राजस्थान ले जाया गया और वहां किसके लिए उससे काम कराया गया। पुलिस सोशल मीडिया के जरिए संपर्क होने की आशंका समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। कोर्ट में बयान के बाद परिजनों को सौंपा चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार के अनुसार, पुलिस टीम महिला को सुरक्षित वापस लेकर आई। सोमवार को उसे चकाई लाया गया और मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद महिला को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बाजार जाने के बाद लापता हुई थी महिला महिला की मां रेणु देवी ने बताया कि उनकी बेटी शाम करीब चार से पांच बजे पति के साथ बाजार जाने के लिए निकली थी। महिला की शादी उत्तर प्रदेश में हुई है। इसके बाद वह लापता हो गई थी। फिलहाल, पुलिस महिला के आरोपों और उसे राजस्थान ले जाने की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles