![]()
पलामू के उटारी रोड थाना क्षेत्र के पिपरखाड़ गांव में खाना बनाते समय गैस पाइप से रिसाव के कारण घर में आग लग गई। आग की लपटें एलपीजी सिलेंडर तक पहुंचीं और कुछ ही देर में सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इसके बाद आग किचन से निकलकर मकान के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। घटना में अखिलेश विश्वकर्मा के घर और उससे सटी किराना दुकान का सामान जलकर नष्ट हो गया। मकान मालिक ने पांच लाख रुपए से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान जताया है। हालांकि, घटना में किसी की जान नहीं गई। आग तेजी से फैलने पर अखिलेश विश्वकर्मा अपने परिवार और बच्चों के साथ तत्काल घर से बाहर निकल गए। धमाके की आवाज और आग की लपटें देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया। गैस पाइप से रिसाव के बाद सिलेंडर तक पहुंची आग जानकारी के अनुसार, पिपरखाड़ गांव में अखिलेश विश्वकर्मा के घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस पाइप से रिसाव होने के कारण किचन में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से बढ़ीं और एलपीजी सिलेंडर तक पहुंच गईं। कुछ ही क्षण बाद सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे घर में अफरा-तफरी मच गई। आग किचन से मकान के दूसरे हिस्सों में फैलने लगी। किचन से सटे कमरे में किराना दुकान संचालित होती थी। आग ने दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। वहां रखा किराना और खाद्य सामग्री, स्टेशनरी, गारमेंट्स समेत फ्रिज, कूलर, पंखा, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गए। मकान को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने पानी और बालू डालकर बुझाई आग आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। पास में रहने वाले मुखिया मीना देवी के बेटे पारस ने अपने अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद मकान मालिक और आसपास के महिला-पुरुष आग पर काबू पाने में जुट गए। ग्रामीणों ने पानी और बालू डालकर करीब एक घंटे तक मशक्कत की। लगातार प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों की तत्परता से आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। थाना प्रभारी संतोष गिरी के निर्देश पर एएसआई उदय पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पलामू में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटा:घर और किराना दुकान का सामान जला, 5 लाख का नुकसान, ग्रामीणों ने बुझायी आग
