![]()
होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने को लेकर सहरसा जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखी। सोमवार की शाम सदर एसडीपीओ आलोक कुमार के नेतृत्व में शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च कई संवेदनशील इलाकों, मार्केट एरिया और भीड़भाड़ वाले स्थानों से होकर गुजरा। मार्च में स्थानीय थाना पुलिस, दंगा नियंत्रण बल (रायट कंट्रोल टीम) और भारी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। जवानों की व्यवस्थित चाल और पुलिस वाहनों के सायरन ने शहरवासियों को यह संदेश दिया कि त्योहार के दौरान किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की सख्त चेतावनी: हुड़दंग किया तो होगी कड़ी कार्रवाई मार्च के दौरान एसडीपीओ आलोक कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि होली के दौरान शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा होली खुशियों का त्योहार है, लेकिन किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हुड़दंगियों और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है, और ऐसे लोगों पर भी पुलिस सख्त कदम उठाएगी। इंटरनेट प्लेटफॉर्म्स पर किसी भी तरह की उत्तेजक पोस्ट, अफवाह या भड़काऊ मैसेज पर तुरंत कार्रवाई होगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, गश्त भी बढ़ाई गई होली को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही शहर के संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर लिया है। इन जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, साथ ही पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है। फ्लैग मार्च के दौरान कई महत्वपूर्ण चौक जैसे नई बाजार, सोनवर्षा रोड, स्टेशन चौक, बीरपुर रोड, महावीर चौक आदि पर पुलिस ने रुककर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की गश्त का मकसद त्योहार के दौरान भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों से संवाद मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों से बातचीत भी की। उन्हें भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की परेशानी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके साथ ही लोगों को यह भी आग्रह किया गया कि होली को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी तरह की गलत सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो पुलिस को तुरंत सूचित करें। उम्मीद इस बार होली होगी और भी शांतिपूर्ण फ्लैग मार्च के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम लोगों में राहत देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने कहा कि त्योहार के पहले पुलिस की मौजूदगी से भरोसा मिलता है। इससे शरारती तत्वों पर भी लगाम लगती है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार की होली पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगी और लोग बिना किसी डर के त्योहार का आनंद उठाएंगे।
सहरसा में होली से पहले फ्लैग मार्च:शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ी निगरानी
Date:




