![]()
कोडरमा के डोमचांच थाना क्षेत्र के काराखुट स्थित एक बंद खदान से डूबी महिला का शव 72 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। पटना से आई राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम ने लगभग 48 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यह सफलता हासिल की है।
.
NDRF टीम का नेतृत्व कर रहे सूरज कुमार ने बताया कि पिछले 48 घंटे से बंद खदान से संगीता देवी का शव निकालने का प्रयास किया जा रहा था। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार शव को बाहर निकाल लिया गया।
खदान के पानी को लगातार बाहर निकाला गया
शव को बाहर निकालने के लिए टीम ने कई तरीके अपनाए। शुरुआत में खदान के पानी की ऊपरी सतह पर शव की तलाश की गई। इसके बाद गोताखोरों को पानी के अंदर भेजकर भी खोजबीन की गई।
इन प्रयासों में सफलता नहीं मिलने पर, पिछले 24 घंटे से खदान के पानी को लगातार बाहर निकाला गया। जब खदान में जलस्तर कम हुआ, तब खोजबीन के दौरान महिला का शव पानी के ऊपर आ गया और उसे बाहर निकाल लिया गया।
बंद खदान के पानी में कपड़े धोने गई थी महिला
यह घटना बीते शनिवार को हुई थी, जब संगीता देवी काराखुट स्थित इस बंद खदान के पानी में कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह खदान के गहरे पानी में गिर गईं।
घटना के बाद से डोमचांच पुलिस लगातार शव को बाहर निकालने का प्रयास कर रही थी। पहले हजारीबाग जिले के चौपारण से गोताखोरों को बुलाया गया, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी शव नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने पटना से NDRF की टीम को बुलाया, जिसने आखिरकार शव को बरामद कर लिया।
बताते चलें कि डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत कई ऐसे खदान है जो बंद हो चुके हैं लेकिन उसमें जल जमाव के कारण आए दिन दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों का जिला प्रशासन से आग्रह है कि बंद पड़े खदानों को चिन्हित कर उसे भरवाने का कार्य किया जाए ताकि आने वाले भविष्य में इस प्रकार की कोई दुर्घटना ना घटे।




