![]()
गया जिले के कोंच प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को रंगों का महापर्व होली पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह 10 बजे से ही युवाओं और ग्रामीणों की टोलियां सड़कों पर उतर आईं, जहां पारंपरिक ‘कादो-माटी’ और ‘कुर्ता फाड़’ होली का दौर जारी रहा। कोंच के सिंघड़ा, तुतुरखी, परसावां और मुड़ेरा जैसे गांवों में होली का रंग पूरी तरह चढ़ चुका है। इन गांवों में स्थानीय गायक नागेंद्र कुमार राही और बबलू कुमार सिंह अपनी टोली के साथ घर-घर जाकर फगुआ गा रहे हैं। झाल, ढोलक और हारमोनियम की थाप पर “अंगना में उड़ेला अबीर हरे रामा, बंगला में उड़ेला अबीर” जैसे पारंपरिक गीतों की धुन ने माहौल को भक्तिमय बना दिया है। गांवों की गलियों में फगुआ गायकों के साथ ग्रामीणों का हुजूम चल रहा है। लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिल रहे हैं और होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस दौरान बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने और छोटों को प्यार देने की परंपरा भी निभाई जा रही है। कोंच प्रखंड में इस बार की होली पुरानी परंपराओं और आपसी भाईचारे के साथ मनाई जा रही है, जिसमें मिट्टी और कीचड़ की मस्ती के साथ सांस्कृतिक गीतों का भी समावेश है।
गया के कोंच प्रखंड में होली का दिखा उत्साह:पारंपरिक 'कादो-माटी' और फगुआ गायन के साथ मनाया गया रंगो का त्योहार
Date:




