![]()
धनबाद में होली के जश्न के बीच फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली के दौरान अचानक हुए विवाद में दो युवकों को गोली लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घायल युवकों को आनन-फानन में इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। घटना के पीछे की वजहों को खंगाला जा रहा है। विष्णु के पैर और पुष्पक के पेट में लगी गोली घायलों की पहचान बरमसिया क्षेत्र के रहने वाले विष्णु कुमार और पुष्पक मिश्रा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विष्णु कुमार के पैर में गोली लगी है, जबकि पुष्पक मिश्रा के पेट में गोली लगने से उसकी हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि होली के जश्न के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते गोली चलने की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। पैसों के लेनदेन को लेकर फायरिंग का आरोप बरमसिया त्रिमूर्ति सदन के पास रहने वाले विष्णु कुमार ने बताया कि वह ठेकेदार विकास लाला के लिए पेटी कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम करता था। गोधरा में एक अस्पताल निर्माण कार्य के दौरान उसके करीब ढाई लाख रुपये बकाया थे। विष्णु का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे की मांग की तो विवाद बढ़ गया। विकास लाला व उसके साथियों ने उस पर गोली चला दी। वहीं, घायल पुष्पक मिश्रा ने बताया कि वह दिल्ली में पढ़ाई करता है। अपने दादा की तेरहवीं में शामिल होने बरमसिया आया हुआ था। उसने कहा कि होली के दौरान अचानक मारपीट शुरू हो गई और इसके बाद गोली चलने लगी। पुलिस कर रही मामले की जांच धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और गोली चली। हालांकि पुलिस को अलग-अलग तरह की जानकारी भी मिल रही है। एक पक्ष पैसों के लेनदेन का विवाद बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष जमीन खरीद-बिक्री के मामले को कारण बता रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
धनबाद में होली के जश्न में चली गोलियां:बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में विवाद, दो युवक गंभीर रूप से घायल, पैसे को लेकर हंगामा
Date:




