![]()
भागलपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 22,672 परिवारों का पक्के मकान का सपना पूरा हो गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26-2026-27 के तहत जिले में अब तक 22,672 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। आवास निर्माण पूरा होने के बाद लाभुकों को उनके घर की चाबी भी सौंपी जा रही है। गुरुवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को आवास की चाबी सौंपी। जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत भागलपुर जिले में कुल 45,411 लाभुकों का लक्ष्य तय था। इसके विरुद्ध 44,959 लाभुकों के आवास की स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें से 22,672 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर के समीक्षा भवन सभागार में किया गया। समीक्षा भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, उप विकास आयुक्त, जिला परिषद अध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और योजना के लाभुक मौजूद रहे। 39,262 लाभुकों के खाते में दूसरी किस्त गई डीएम अलंकृता पांडे ने कहा कि जिले के 39,262 लाभुकों के बैंक खातों में दूसरी किस्त की राशि भेजी जा चुकी है, जबकि 27,000 लाभुकों के खातों में तीसरी किस्त की राशि भी हस्तांतरित की गई है। आवास निर्माण पूरा होने के बाद लाभुकों को घर की चाबी सौंपने की प्रक्रिया भी की जा रही है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद और गरीब परिवारों को पक्का, सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। आवास प्लस-2024 के तहत सर्वेक्षण सूची में शेष बचे लोगों का सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद पात्र परिवारों की प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी, ताकि योजना के दायरे में आने वाले अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को इसका लाभ मिल सके। गरीबों के सिर पर छत, सम्मान और सुरक्षा – सांसद भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के सिर पर पक्की छत देने के साथ उन्हें सम्मान और सुरक्षा देने का काम किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए पक्का मकान सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि उनके सुरक्षित भविष्य का आधार है। पक्का घर मिलने से परिवारों को धूप, बारिश और मौसम की दूसरी परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने अपने लोकसभा क्षेत्र के हजारों लाभुकों की ओर से केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताया।
