धनबाद18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सदर थाना क्षेत्र के बरटांड इलाके में शुक्रवार देर रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने शराब दुकान और जन औषधि केंद्र की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नगदी सहित कई सामान लेकर फरार हो गए।
दुकान में लगा सीसीटीवी बंद था
शनिवार सुबह करीब 11 बजे जन औषधि केंद्र के कर्मचारी मनोज कुमार दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान की छत टूटी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि चोर हॉर्लिक्स, च्यवनप्राश और अन्य सामान के साथ गल्ले में रखे लगभग एक हजार रुपए ले गए हैं। दुकान में लगा सीसीटीवी बंद होने के कारण घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी। मनोज कुमार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
14 से 15 हजार रुपए की शराब की चोरी
इसी तरह, पास की शराब दुकान में भी चोरों ने छत काटकर प्रवेश किया। दुकान के कर्मचारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। चोरों ने दुकान से करीब 14 से 15 हजार रुपये मूल्य की शराब और कुछ नगदी चुरा ली।
इन घटनाओं के बाद इलाके के दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि मुख्य सड़क के किनारे स्थित दुकानों में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।





