![]()
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शनिवार को गृह जिला दरभंगा पहुंचे। अपने आवास पर पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी ने मिथिला की परंपरा के अनुसार उन्हें पाग-चादर देकर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता को भी संबोधित किया। बिहार का अगला सीएम कौन होगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं। फिलहाल यही स्थिति है। आगे क्या होगा, यह आने वाले समय में तय होगा। अगर किसी प्रत्याशी की ओर से नामांकन वापस नहीं लिया जाता है तो 16 मार्च को राज्यसभा का चुनाव होगा। उसी दिन परिणाम भी घोषित होगा। एनडीए के सभी पांच प्रत्याशी जीतेंगे। सीएम नीतीश कुमार आज बिहार के राज्यपाल से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस सवाल पर संजय सरावगी ने कहा कि यह सामान्य प्रक्रिया है। महामहिम राष्ट्रपति ने बिहार के लिए नए राज्यपाल की घोषणा की है। मुख्यमंत्री जी बराबर राज्यपाल से मुलाकात करते रहते हैं। इसमें कोई नई बात नहीं है। निशांत में अपार क्षमता है निशांत के राजनीतिक डेब्यू पर कहा कि उनमें अपार क्षमता हैं, इसलिए उन्हें राजनीति में आना चाहिए। निशांत शिक्षित और प्रतिभाशाली युवा हैं। बीटेक होल्डर हैं। जदयू के बिहार भर के नेता और कार्यकर्ता भी चाहते हैं कि निशांत राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएं। शिक्षित युवा का राजनीति में आना चाहिए परिवारवाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह स्थिति वैसी नहीं है, जैसी पहले थी। लालू यादव जब जेल जाने लगे तो राबड़ी जी को मुख्यमंत्री बनाकर चले गए। निशांत यशस्वी हैं, नौजवान हैं। लगातार आप देख रहे होंगे। पिछले 1 साल से उनको राजनीति में आने के लिए राजनेता से लेकर आम जनता तक मांग कर रहे हैं। किसी योग्य और शिक्षित युवा का राजनीति में आना स्वाभाविक है। आरजेडी के पास बोलने के लिए कुछ नहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता राजद को पहले ही नकार चुकी है। उनके पास बोलने के लिए अब ज्यादा कुछ नहीं बचा है। विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का कोई आधार नहीं है। पूरा बिहार उनको रिजेक्ट कर चुका है। ऐसा सदमा लगा कि बिहार छोड़कर भाग गए। प्रथम सत्र में विधानसभा में भाग नहीं लिए। 2 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम वहीं, प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि आगामी दिनों में मंडल स्तर पर बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। यह दो दिवसीय कार्यक्रम होगा, जिसमें मंडल कार्यसमिति से लेकर मंडल अध्यक्ष, महामंत्री सहित सभी पदाधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के रहने और खाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
'अभी बिहार के सीएम नीतीश कुमार हैं':संजय सरावगी बोले- निशांत शिक्षित और प्रतिभाशाली युवा हैं; आरजेडी के पास बोलने के लिए कुछ नहीं है
Date:




