Friday, April 24, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पटना में 200 से अधिक अवैध होर्डिंग हटे:54 विज्ञापन एजेंसियों का 107.12 करोड़ रुपए बकाया, निगम ने भेजा नोटिस


बिहार के सभी शहरों में अवैध होर्डिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राज्य के 38 जिलों के 264 नगर निकायों में 11 हजार से अधिक अवैध होर्डिंग मामले में लगभग 20 लाख रुपए दंड राशि की वसूली की गई है। वहीं, पटना नगर क्षेत्र में अभी तक 200 से अधिक अवैध होर्डिंग के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि 250 से अधिक होर्डिंग हटाने के लिए नोटिस भेजा जा चुका है। पटना नगर निगम के अंतर्गत अबतक 54 विज्ञापन एजेंसियों का 107.12 करोड़ रुपए बकाया है, जिसके भुगतान के लिए नोटिस भेजा गया है।

पटना में सबसे अधिक पाटलिपुत्र अंचल में कार्रवाई पटना में सबसे अधिक पाटलिपुत्र अंचल में 59 अवैध होर्डिंग हटाए गए हैं, जबकि कंकड़बाग अंचल में 89 अवैध होर्डिंग के खिलाफ नोटिस भेजा गया है। पटना नगर निगम क्षेत्र में बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे, विद्युत पोल, सरकारी परिसरों, निजी भवन या अन्य स्थानों पर लगाए गए विज्ञापन सामग्री, यूनिपोल, होर्डिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। निजी भवनों की छतों और दीवारों पर बिना वैध अनुमति लगाए गए होर्डिंग के विरुद्ध नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
सिंडिकेट बनाकर सरकार को राजस्व की हानि पहुंचा रहे नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अवैध बैनर-पोस्टर लगाने वाले विज्ञापनकर्ताओं से विभाग राजस्व गबन करने वाले आर्थिक अपराधी की तरह निपटने की तैयारी कर रहा है। ये लोग आज राज्य के विभिन्न शहरों में सिंडिकेट बनाकर सरकार को राजस्व की हानि पहुंचाने में जुटे हैं। ऐसा भी देखा गया है कि विभाग की ओर से सख्ती किए जाने पर ये लोग आजीविका का हवाला देकर न्यायालय की शरण में चले जाते हैं। विभाग में इस प्रकार की परिपाटी को भी समाप्त करने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है।

भागलपुर नगर निगम ने 10 प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई भागलपुर नगर निगम ने अवैध होर्डिंग मामले में 10 प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और 19 लाख रुपए से ज्यादा की दंड वसूली की है। वहीं, दरभंगा नगर निगम के धावा दल की ओर से अवैध होर्डिंग हटाकर सभी सामान को जब्त कर लिया गया है। मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र में लगभग 55 अवैध होर्डिंग थे, जिन्हें निगम की ओर से हटा दिया गया है। वहीं, बेगूसराय नगर निगम में सात अवैध होर्डिंग हटाए गए हैं और 71 अवैध होर्डिंग के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles