गुमला में कारपेंटर की रहस्यमयी मौत सड़क हादसे में महिला की जान गई

Date:

भास्कर न्यूज |गुमला जिले में गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी। एक ओर जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक कारपेंटर की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर सड़क पार कर रही एक महिला को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।पहली घटना गुमला शहर के दुन्दरिया मिशन चौक इलाके की है, जहां 30 वर्षीय कारपेंटर राजेश शर्मा की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के साहदपुर गांव का निवासी था और पिछले 10 से 12 वर्षों से अपने परिवार के साथ दुन्दरिया में किराये के मकान में रह रहा था।परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब 8 बजे राजेश रोज की तरह काम से घर लौटा था। घर आने के बाद उसने स्नान किया और परिवार के साथ खाना खाने के बाद सोने चला गया। लेकिन शुक्रवार सुबह जब उसकी पत्नी उसे जगाने गई तो वह बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा था और उसके मुंह से खून निकल रहा था। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।राजेश के परिवार में उसकी पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं। वह पेशे से कारपेंटर था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों का कहना है कि राजेश कभी-कभी स्थानीय स्तर पर बिकने वाली महुआ शराब का सेवन करता था। इसी आधार पर परिवार के लोग जहरीली महुआ शराब पीने से मौत की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इधर दूसरी घटना पालकोट थाना क्षेत्र के गांधीनगर पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतक की पहचान पेटसेरा डुमर टोली निवासी 55 वर्षीय विमला देवी, पति स्वर्गीय बिरिया लोहरा के रूप में हुई है।परिजनों ने बताया कि विमला देवी गुरुवार को पालकोट बाजार गई थीं। बाजार से लौटते समय वह ऑटो से घर जा रही थीं। गांधीनगर पेट्रोल पंप के पास वह बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान लेने के लिए दुकान गईं। सामान लेने के बाद जब वह सड़क पार कर ऑटो की ओर लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पालकोट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज में लापरवाही बरती गई और उस समय डॉक्टर भी मौजूद नहीं थे।घटना की सूचना मिलने पर पालकोट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार सुबह शव को सदर अस्पताल के शव गृह में रखा गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।इन दोनों घटनाओं के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp