![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो शनिवार को डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत आगामी 17 मार्च को प्रस्तावित मेयर और अध्यक्ष के शपथ ग्रहण तथा उप महापौर व उपाध्यक्ष के अप्रत्यक्ष निर्वाचन को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित निर्वाची पदाधिकारी-सहायक निर्वाची पदाधिकारी और संबंधित पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लिया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और विधि-सम्मत तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशानुसार 09 मार्च को जिला दण्डाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी द्वारा बैठक की सूचना निर्गत की जाएगी। इसके तहत 17 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद में बैठक आयोजित की जाएगी। चास नगर निगम (वर्ग-ख) की बैठक चास नगर निगम कार्यालय सभागार में होगी, वहीं फुसरो नप (वर्ग-ख) की बैठक फुसरो नगर परिषद कार्यालय सभागार में होगी। बैठक के दौरान सर्वप्रथम निर्वाचित महापौर एवं अध्यक्ष का शपथ ग्रहण कराया जाएगा, इसके पश्चात वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी। चास नगर निगम में शपथ ग्रहण प्रमंडलीय आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग द्वारा कराया जाएगा। वहीं, फुसरो नगर परिषद में शपथ ग्रहण उपायुक्त द्वारा कराया जाएगा। शपथ ग्रहण का समय पूर्वाह्न 11:15 बजे निर्धारित किया गया है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद उपमहापौर और उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा। उपमहापौर व उपाध्यक्ष निर्वाचन में कब क्या होगा . नाम निर्देशन पत्र दाखिल : पूर्वाह्न 11:30 बजे से 11:45 बजे तक . नामांकन पत्रों की संवीक्षा : 11:45 बजे से 12:00 बजे तक . वैध अभ्यर्थियों की सूची तैयार : 12:00 बजे से 12:15 बजे तक . अभ्यर्थिता से नाम वापसी : 12:15 बजे से 12:30 बजे तक . मतपत्र की तैयारी : 12:30 बजे से 12:45 बजे तक . मतदान : 12:45 बजे से 01:15 बजे तक . मतगणना : 01:15 बजे से 01:45 बजे तक . परिणाम की घोषणा व निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरण : 01:45 बजे से 02:00 बजे तक
17 मार्च को होगा शपथ ग्रहण व उप महापौर-उपाध्यक्ष का चुनाव
Date:




