Thursday, April 30, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सुपौल में डीएम-एसपी ने अधिकारियों संग की अहम बैठक:समृद्धि यात्रा की तैयारियों पर दिए सख्त निर्देश, DM बोले- लापरवाही बर्दास्त नहीं


सुपौल के निर्मली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी कड़ी में सोमवार की शाम सुपौल जिले के निर्मली में जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस की संयुक्त अध्यक्षता में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से संबंधित रूट चार्ट, आगमन-प्रस्थान की व्यवस्था, सभा स्थल की तैयारी, यातायात नियंत्रण, वीआईपी मूवमेंट और प्रशासनिक समन्वय से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। शिथिलता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभागों के अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें। डीएम ने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, बैठक स्थल, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और हर बिंदु पर सतर्क रहने का निर्देश दिया। ट्रैफिक मैनेजमेंट और वीआईपी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
वहीं, बैठक में पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और रूट लाइन में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। एसपी ने कहा कि भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट और वीआईपी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की गई
बैठक के दौरान कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और सुरक्षा पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम से पहले सभी तैयारियों का स्थल पर जाकर निरीक्षण करें और किसी प्रकार की कमी होने पर उसे तत्काल दूर किया जाए। इस अवसर पर अपर समाहर्ता मो. तारिक, सचिदानंद कुमार, निर्मली एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा, वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार, त्रिवेणीगंज एसडीपीओ बिभाश कुमार, निर्मली एसडीपीओ राजू रंजन कुमार, वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सहित विभिन्न अनुमंडल और प्रखंडों के अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में डीएम और एसपी ने सभी अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी लोग पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि समृद्धि यात्रा का कार्यक्रम सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles