![]()
भास्कर न्यूज | अररिया जिले में रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग पिछले चार दिनों से ठप पड़ गई है। इंडेन ऑयल के ऑनलाइन सॉफ्टवेयर का सर्वर डाउन होने से उपभोक्ताओं के साथ-साथ गैस एजेंसी संचालकों और डिस्ट्रीब्यूटरों की परेशानी बढ़ गई है। ऑफलाइन बुकिंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण उपभोक्ता गैस एजेंसियों का चक्कर काटने को मजबूर हैं और बिना बुकिंग कराए ही लौट रहे हैं। दरअसल, एलपीजी कंपनियों ने गैस बुकिंग की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी है। ऐसे में सर्वर ठप होने का सीधा असर गैस वितरण पर पड़ रहा है। एजेंसियों के पास स्टॉक में पर्याप्त सिलेंडर होने के बावजूद ऑनलाइन एंट्री के बिना उपभोक्ताओं को गैस नहीं दी जा रही है। उधर, गैस की किल्लत की आशंका से कई लोग अनावश्यक रूप से सिलेंडर जमा करने की कोशिश में जुट गए हैं। कुछ लोग अफवाह फैलाकर उपभोक्ताओं में भ्रम भी पैदा कर रहे हैं। इसका असर यह है कि गैस एजेंसियों के कार्यालय और गोदामों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। इस स्थिति को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना की विशेष शाखा के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, डीएम और एसपी को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। किशनगंज/ठाकुरगंज | किशनगंज में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर गुरुवार को अचानक अफवाह फैलने से उपभोक्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। कुछ लोगों के बीच यह चर्चा फैल गई कि युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण गैस की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इस अफवाह के चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ता अतिरिक्त सिलेंडर भरवाने के लिए गैस एजेंसियों की ओर पहुंचने लगे। कई एजेंसियों के बाहर भीड़ लगने से कुछ समय के लिए अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई। स्थिति की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार स्वयं गैस एजेंसी पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने एजेंसी परिसर में मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर उन्हें वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें। इधर ठाकुरगंज में तीन दिनों से गैस के लिए लोगों की भीड़ एजेंसी के समीप बढ़ती जा रही है। गुरूवार को भी ठाकुरगंज जिलेबिया मोड़ स्थित इण्डेन गैस एंजेसी कार्यालय के सामने दर्जनों लोगों को गैस लेने के लिए कतारबद्ध देखा गया। घंटो इतंजार करने के बाद लाइन में लगे लोग वापस हो गए। ब्लैक में मिल रहा सिलेंडर : बुकिंग की जटिल प्रक्रिया के बीच बाजार में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी भी सामने आने लगी है। जहां उपभोक्ताओं को 1011 रुपए का सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, वहीं फुटकर स्तर पर कुछ दुकानदार इसे 1300 से 1400 रुपए में बेच रहे हैं। जल्दी गैस पाने के लिए कई उपभोक्ता मजबूरी में ज्यादा कीमत चुकाने को तैयार हो रहे हैं। इकरामुद्दीन, संजीव कुमार सिंह, राजनाथ राय, समीम आलम और प्रदीप पासवान सहित कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके घरों में गैस खत्म हो चुकी है। ऑनलाइन बुकिंग के लिए मोबाइल से लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पिछले चार दिनों से सर्वर डाउन बताया जा रहा है। ऐसे में घरों में खाना बनाने में भी परेशानी हो रही है। इंडेन एलपीजी उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के लिए कंपनी द्वारा जारी नंबरों का उपयोग कर सकते हैं। उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7588888824 पर व्हाट्सएप मैसेज, 8454955555 पर मिस्ड कॉल या 7718955555 पर टेक्स्ट मैसेज भेजकर सिलेंडर बुक कर सकते हैं। शहर के स्टार गैस सर्विस के मैनेजर प्रभाकर मंदिलवाल ने बताया कि गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए पहले से ही ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था है। फिलहाल सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है। कहा कि बुकिंग होने के बाद उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल पर ओटीपी भेजा जाता है और तब आपूर्ति की जाती है। गैस की संभावित किल्लत की आशंका से कई उपभोक्ता अनावश्यक रूप से सिलेंडर जमा करने की कोशिश में लगे हैं, जिससे स्थिति और जटिल होती जा रही है। इधर ऑनलाइन बुकिंग का सर्वर डाउन होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्टॉक रहने के बावजूद ऑनलाइन एंट्री नहीं होने पर गैस नहीं मिल रही। गैस किल्लत की अफवाह पर लोग खाली सिलेंडर भराने में लगे ओटीपी दिखाने के बाद ही मिलती है डिलीवरी कतार में खड़े लोगों ने बताई परेशानी
किशनगंज में गैस गोदाम का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
Date:




