Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

3 दिन में 38 डिग्री तक पहुंचेगा पारा:पलामू, चतरा, लातेहार सहित 7 जिले में आज और कल हीट वेव, 15 के बाद बदलेगा मौसम


झारखंड में मार्च के पहले पखवाड़े में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवा से लोगों को परेशानी होने लगी है। राज्य के करीब 10 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि कई जगहों पर तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 3.8 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है और राजधानी का पारा 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। सात जिलों में हीट वेव का अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र ने 14 और 15 मार्च को राज्य के सात जिलों में हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया है। इनमें पलामू, चतरा, लातेहार, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने और गर्म हवा चलने की संभावना है। सरायकेला में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि बोकारो में अधिकतम तापमान 37.1 और न्यूनतम 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पलामू और कोल्हान क्षेत्र में गर्मी का असर सबसे अधिक महसूस किया जा रहा है। 15 के बाद पांच दिन बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से राज्य के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। 15 से 19 मार्च के बीच कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवा, गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। 18 और 19 मार्च को रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश की स्थिति बनने का अनुमान है। बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलेगी। सिस्टम बनने और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदला मौसम मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार से दक्षिण ओडिशा तक बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। साथ ही एंटी-साइक्लोन की सक्रियता, सूखी गर्म हवा और पश्चिमी विक्षोभ की कमी के कारण तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। फरवरी में लगभग बारिश नहीं होने और आसमान साफ रहने से गर्मी जल्दी शुरू हो गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन मार्च के अंतिम सप्ताह से राज्य में एक बार फिर हीट वेव की स्थिति बन सकती है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles