![]()
नालंदा जिले के खुदागंज और राजगीर थाना क्षेत्रों में गुरुवार को अलग-अलग हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना खेत में धान पटवन के दौरान करंट लगने से हुई, जबकि दूसरी में खराब वाहन को डायरेक्ट स्टार्ट करने के दौरान ड्राइवर की चक्के के नीचे दबने से जान चली गई। झटका लगते ही जमनी पर गिर पड़ी खुदागंज थाना क्षेत्र के मैदीपुर गांव में गुरुवार को करंट लगने से महिला की मौत हो गई। खेत में पटवन के दौरान हादसा हुआ है। मृतका की पहचान सत्यप्रकाश की पत्नी विभा देवी(37) के तौर पर हुई है। घर में मचा कोहराम परिजनों के अनुसार, विभा देवी गांव के खंधा स्थित खेत में समरसेबल चालू करने गई थी। तार में टोका फंसाते समय वह अचानक बिजली की चपेट में आ गई और मौके पर ही झुलसकर दम तोड़ दिया। विभा देवी के चार छोटे बच्चे (तीन बेटियां और एक बेटा) हैं। मृतका के पति मथुरा में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आवेदन के आधार पर की जाएगी कार्रवाई खुदागंज थानाध्यक्ष दुर्गेश गहलोत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ड्राइवर की गई जान सिलाव थाना क्षेत्र अंतर्गत सिथौरा भट्ठा के समीप गाड़ी के चक्के के नीचे दबने से एक ड्राइवर की मौत हो गई। जिसक पहचान नंदे लाल राजवंशी(49) के तौर पर हुई है। मृतक के दामाद सोनू कुमार ने बताया कि गाड़ी का चाबी सिस्टम (सेल्फ) पिछले 10-15 दिनों से खराब था। इसकी शिकायत मालिक से की गई थी, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। गुरुवार को मेरे ससुर गाड़ी के बाएं चक्के के पास से डायरेक्ट स्टार्ट कर रहे थे, तभी गाड़ी अचानक आगे बढ़ गई। वह चक्के के नीचे आ गए। गंभीर चोट लगने से उन्होंने दम तोड़ दिया। राजगीर थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि घटना सिलाव थाना क्षेत्र के चंडी मऊ की तरफ हुई थी, जिसके बाद परिजन शव को लेकर घर आ गए थे। आवेदन मिलने पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला संबंधित ट्रैफिक थाने को अग्रसारित किया जाएगा।
नालंदा में करंट लगने से महिला की मौत:खेत में पटवन के दौरान हुआ हादसा; गाड़ी के चक्के के नीचे आने से ड्राइवर की गई जान
