Tuesday, May 5, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बाल विवाह कराने में 54 लोगों पर FIR:शादी रोकने पहुंची प्रशासन की टीम से हुई थी झड़प, लोगों ने किया था विरोध


पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के तलैया बभंडी गांव में बाल विवाह रोकने की कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में 54 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें पांच नामजद और 49 अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। यह घटना राधाकृष्ण मंदिर में गुरुवार को हुई थी। नामजद आरोपियों में निरावत कुमार, संजय चौरसिया, रूपा देवी, राहुल कुमार पाठक और अजीत चौरसिया शामिल हैं। ये नाबालिग जोड़ों के परिजन और ग्रामीण बताए जा रहे हैं। चैनपुर के बीडीओ सह सीओ प्रदीप दास ने शुक्रवार रात को यह प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामले की तेजी से जांच कर रही है, जिसकी पुष्टि थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने शनिवार को की। दो नाबालिग जोड़ों की शादी कराए जाने की सूचना मिली थी जिला बाल संरक्षण इकाई को तलैया बभंडी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में दो नाबालिग जोड़ों की शादी कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद यह जानकारी चैनपुर थाना और बीडीओ को दी गई। सूचना मिलने पर चैनपुर बीडीओ प्रदीप कुमार दास पुलिस टीम के साथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से लड़के-लड़की के आधार कार्ड मांगे। आधार कार्ड मांगते ही दोनों पक्षों के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। प्रशासन की टीम ने नाबालिग होने की आशंका जताते हुए शादी रोकने का निर्देश दिया, तो उपस्थित लोगों ने सरकारी काम में बाधा डाली और विरोध प्रदर्शन करने लगे। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू कर वाहन में बैठाए गए नाबालिगों को छुड़ाकर भगा दिया गया। सरकारी गाड़ी को भी काफी देर तक रोके रखा गया था।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles