![]()
कटिहार के कुरसेला स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर देवीपुर चौक के समीप शिवराम ढाबा परिसर में शनिवार को बिहार ड्राइवर महासंघ ने एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में ड्राइवरों की 10 सूत्री मांगों पर चर्चा की गई और विभिन्न जिलों से आए ड्राइवर संघ के जिलाध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों तथा चालकों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता कटिहार ड्राइवर संघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद साहनी ने की। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए ड्राइवर संघ के पदाधिकारियों को बुके और शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रंजन कुमार ने संगठन की 10 सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा की। ड्राइवर महासंघ की प्रमुख मांगों में सड़क दुर्घटना में ड्राइवर की मृत्यु को आपदा श्रेणी में शामिल करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, ड्राइवर वेलफेयर फंड की व्यवस्था करने, दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये और अंगभंग होने पर 10 लाख रुपये मुआवजा देने तथा मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन योजना का मिले लाभ महासंघ ने 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन योजना लागू करने और दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिजनों को तत्काल पेंशन देने की भी मांग रखी। ड्राइवरों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण देने, सभी व्यावसायिक वाहनों में आगे-पीछे छह कैमरे लगाने, 1 सितंबर को ड्राइवर दिवस घोषित करने तथा चालकों को द्वितीय श्रेणी सैनिक का दर्जा देने की मांग भी सरकार से की गई। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं में घायल चालकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक सरकारी अस्पताल के आईसीयू में एक बेड ड्राइवरों के लिए आरक्षित करने की मांग उठाई गई। ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने की भी अपील की गई। बैठक के बाद शिवराम ढाबा परिसर में बिहार ड्राइवर महासंघ के चालक संघ कार्यालय का विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटकर उद्घाटन किया गया। कटिहार जिलाध्यक्ष प्रमोद साहनी ने कहा कि इस कार्यालय के खुलने से चालकों के बीच आपसी समन्वय मजबूत होगा और आकस्मिक स्थिति में सहायता उपलब्ध कराना आसान होगा। इस अवसर पर भागलपुर जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार, बांका जिलाध्यक्ष नीरज यादव, मुंगेर जिलाध्यक्ष अवधेश प्रसाद यादव, कुरसेला प्रखंड अध्यक्ष गौतम कुमार, संतोष, चंदन, संतोष यादव सहित दर्जनों चालक उपस्थित थे।
दुर्घटना में ड्राइवर की मृत्यु को आपदा में शामिल करें-जिलाध्यक्ष:कटिहार के कुरसेला में बिहार ड्राइवर महासंघ की बैठक
Date:




