![]()
भोजपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ CBI ने बड़ी कार्रवाई कर की है। हेड पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम ने रविवार देर शाम सरकारी आवास से दबोचा। उदवंतनगर प्रखंड के छोटकी सासाराम स्थित उप डाकघर में तैनात ग्रामीण डाक सेवक (GDS) से सरकारी काम कराने और फाइल पर हस्ताक्षर कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत सीबीआई से की थी। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। टीम को देखते ही फेंका रुपए जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ग्रामीण डाक सेवक रविवार को आरोपी ओवरसियर के सरकारी आवास पर पहुंचा। उसने 10 हजार रुपए दिए। जैसे ही रुपए देने की प्रक्रिया पूरी हुई, पहले से निगरानी कर रही सीबीआई की टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। टीम को अपनी ओर आते देख आरोपी घबरा गया और उसने रिश्वत की रकम को बाहर फेंक दिया। हालांकि, अधिकारियों ने उसे मौके से पकड़ लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान आसपास के इलाके में भी हलचल मच गई। हर तीन महीने में रिश्वत मांगने का आरोप बताया जा रहा है कि पुरुषोत्तम कुमार हेड पोस्ट ऑफिस में इंस्पेक्टर के कार्यालय से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि वह कई ग्रामीण डाक सेवकों से उनके काम कराने और फाइल साइन कराने के बदले रुपए की मांग करता था। शिकायतकर्ता GDS का आरोप है कि उससे हर तीन महीने पर 10 हजार रुपए रिश्वत ली जाती थी। लगातार पैसे की मांग से परेशान होने के बाद उसने CBI से संपर्क किया। इसके बाद एजेंसी ने शिकायत की जांच कर ट्रैप की योजना बनाई। 2 दिन पहले ट्रांसफर हुआ था ओवरसियर की गिरफ्तारी के दौरान उसके परिवार के सदस्यों ने विरोध भी किया। मौके पर मौजूद नवादा थाने की पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद सीबीआई की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि पुरुषोत्तम कुमार का दो दिन पहले प्रमोशन के बाद अरवल ट्रांसफर हुआ था। इसके बावजूद सीबीआई ने आरा स्थित उसके सरकारी आवास पर ट्रैप की कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब एजेंसी रिश्वतखोरी के आरोप से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जानिए पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर का काम भारतीय डाक विभाग में मेल ओवरसियर एक पर्यवेक्षणीय पद है। इसका मुख्य काम डाक विभाग के मैदानी कर्मचारियों और डाक वितरण व्यवस्था की निगरानी करना होता है। ओवरसियर पोस्टमैन और अन्य कर्मचारियों के काम का निरीक्षण करता है। इसके साथ ही डाक की समय पर डिलीवरी, रूट और बीट व्यवस्था, लेटरबॉक्स से जुड़े रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की निगरानी भी उसकी जिम्मेदारी में आती है। ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए वह ग्रामीण डाक सेवकों के काम की भी निगरानी और समन्वय करता है।
भोजपुर में हेड पोस्ट ऑफिस ओवरसियर अरेस्ट:10 हजार की रिश्वत लेते सीबीआई ने सरकारी आवास से दबोचा; 2 दिन पहले ट्रांसफर हुआ था
