![]()
भास्कर न्यूज|गिरिडीह हीरोडीह थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध पत्थर ले जा रहे हाइवा की चपेट में आकर शुक्रवार की देर रात एक महिला की मौत हो गई। घटना हीरोडीह थाना क्षेत्र के गादीकला और किसगो गांव के बीच रानीबांध नदी के पास की है। मृतका ननकी देवी (62) पति नरेश प्रसाद सिंह बिहार के बांका जिला अंतर्गत बौंसी थाना के एकहरी गांव की रहने वाली थी। अपनी बहन के गृहप्रवेश कार्यक्रम में हिस्सा लेकर किसगो गांव से बहन बेटे के साथ बाइक पर दूसरी बहन के घर गादीकला गांव जा रही थी। इसी बीच अवैध माइंस से पत्थर लादकर तेजी से भाग रहे हाइवा ने महिला को कुचल डाला। जबकि बाइक चालक जख्मी है। घटना के बाद ग्रामीण जब तक पहुंचे हाइवा चालक फरार हो गया। इस बीच उग्र ग्रामीणों ने हाइवा को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में धंधेबाजों के दलाल पहुंचे और मामले को रफा-दफा में जुट गए। ग्रामीणों को हाइवा में आग लगाने के आरोप में दंिडत करने का डर दिखाया गया। परिणाम हुआ कि सुबह होते-होते शनिवार को सबकुछ मैनेज हो गया। शनिवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतका के परिजनों या वाहन मालिक की ओर से थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया है। थाना प्रभारी महेश चंद्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिटनेस और इंश्योरेंस फेल हाइवा से चल रहा पत्थर का अवैध कारोबार, प्रशासन मौन जिस अवैध पत्थर के कारोबार में इस्तेमाल होनेवाले हाइवा (बीआर 27 जी-1797) से महिला की मौत हुई, वह फरवरी 2017 का है। वाहन का इंश्योरेंस 2 अप्रैल 2025, फिटनेस 28 सितंबर 2025 और टैक्स 29 दिसंबर 2025 तक वैध था, लेकिन प्रदूषण प्रमाण पत्र 9 मई 2024 को ही समाप्त हो चुका था। ऐसे में हर दिन यह हाइवा इलाके पत्थर लेकर बेखौफ चल रहा था और गादी कला से किसगो आकर गिरिडीह-कोडरमा सड़क से नवलशाही के लिए रवाना हो जाता था, जिस पर न तो कभी पुलिस की नजर गई और ही किसी अधिकारियों ने ध्यान दिया। आठ खदानें संचालित, एक ही लीज इलाके में सिर्फ चिकनाडीह पंचायत के हेसेबारी मौजा में चल रहे एक पत्थर को लीज मिली है है, बाकि 7 पत्थर माइंस उसी के आड़ में चल रही हैं। उनमें कानिकेंद में एक, कैलुटांड़ में दो, हथगढ़ के अमझर में तीन और डुमरडीहा में एक है, जो अवैध हैं। इन अवैध खदानों से रोज लगभग 80 हाइवा पत्थर निकाले जा रहे हैं। एक हाइवा पत्थर की कीमत लगभग 15 हजार रुपए बताई जा रही है। यानी अवैध खनन से रोजाना करीब 20 लाख रुपए की लूट हो रही है।
अवैध पत्थर लदे हाइवा ने महिला को कुचला,उग्र भीड़ ने गाड़ी फूंकी
Date:




