
मुख्य बातें
Bengal Election 2026: कोलकाता. भाजपा ने राज्य प्रशासन पर प्रधानमंत्री की सभा में पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है. भाजपा की ओर से इस संबंध में एक पत्र चुनाव आयोग को भेजा गया है. पत्र में भाजपा की ओर से कहा गया है कि राज्य प्रशासन ने 14 मार्च को ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली में शामिल होने गए पार्टी कार्यकर्ताओं को सुरक्षा मुहैया नहीं कराई. भाजपा का आरोप है कि राज्य प्रशासन ने अब तक केंद्रीय बलों की तैनाती भी नहीं की है. ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं. रैली में शामिल होने आये भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी हमला हुए हैं.
कई भाजपा कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा
आयोग को लिखे पत्र में भाजपा नेता शिशिर बजोरिया ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को रैली में ले जा रहीं बसों पर उत्तर कोलकाता में गिरीश पार्क के निकट पत्थर फेंके गए, जिसकी वजह से कई कार्यकर्ता घायल हो गए और उनमें से कुछ को अस्पताल में भर्ती कराया गया. क्षेत्र में उस समय झड़प हो गई, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य की मंत्री शशि पांजा के घर के सामने लगे ‘भाजपा का बहिष्कार करो’ लिखे फ्लेक्स का विरोध करते हुए उन्हें फाड़ रहे थे. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान राज्य पुलिस का कोई दखल नहीं देखने को मिला.
पांजा के आवास पर पथराव का दावा
भाजपा नेता शिशिर बजोरिया ने कहा कि सेंट्रल एवेन्यू पर दोनों पक्षों के आमने सामने आने के दौरान भारी पथराव हुआ है. उन्होंने दावा किया कि पांजा के निवास के प्रथम तल वाले कमरे की खिड़कियों को पथराव से नुकसान पहुंचा. पांजा ने दावा किया कि रैली में शामिल होने जा रहे भाजपा समर्थकों ने पथराव किया, जिसमें वह और उनकी पार्टी के कई सदस्य घायल हो गए. पत्र में भाजपा ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के बावजूद, घटनास्थल पर कर्मी मौजूद नहीं थे, जिससे पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकी.
Also Read: बंगाल के मुख्य सचिव और गृह सचिव हटाये गये, चुनाव आयोग का देर रात फैसला
The post पीएम मोदी की रैली के दिन नहीं थी पर्याप्त सुरक्षा, भाजपा ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र appeared first on Prabhat Khabar.




