![]()
पलामू के मनातू थाना क्षेत्र के पदमा गांव में मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से जख्मी छात्र सूरज कुमार (8) की बुधवार को मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोपहर में मनातू-पाटन-तरहसी मुख्य पथ को जाम कर दिया। जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मृतक सूरज कुमार, उमेश कुमार का पुत्र था और गांव के स्कूल में यूकेजी का छात्र था। वह मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहा था, तभी एक तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सूरज को मेदिनीनगर एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। रोड जाम को हटाने पहुंची थी पुलिस सूरज की मौत की खबर और शव घर पहुंचने के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मनातू-पाटन-तरहसी मुख्य पथ को जाम कर दिया। इससे आवागमन बाधित हो गया। जाम हटाने और लोगों को समझाने के लिए मनातू थाना से एएसआई सुरेशचंद्र यादव और संतोष सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिससे एएसआई सुरेशचंद्र यादव और संतोष सिंह जख्मी हो गए। दोनों घायल पुलिसकर्मियों का एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। पुलिस पर तीन से चार राउंड गोली चलाने का आरोप ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने तीन से चार राउंड गोली चलाई। हालांकि, मनातू के प्रभारी थाना प्रभारी अशोक टोप्पो ने बताया कि फायरिंग किसने की, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को समझा कर जाम हटवाया गया। पुलिस ने बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से फरार कार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
कार की चपेट में आने से छात्र की मौत:उग्र भीड़ ने मनातू-पाटन-तरहसी मुख्य पथ किया जाम, पुलिस पर किया हमला; दो जवान घायल
Date:




