Sunday, May 10, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

हार के डर से भाजपा पर झूठे आरोप लगा रहीं ममता

हार के डर से भाजपा पर झूठे आरोप लगा रहीं ममता

संवाददाता, कोलकाता

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा के खिलाफ झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रही हैं. सॉल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राज्य में अशांति फैलाने के लिए बाहरी लोगों को लाने संबंधी ममता बनर्जी की टिप्पणियां उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाती हैं. उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों को सही माना जाये, तो यह राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है कि पुलिस ऐसे तत्वों की निगरानी क्यों नहीं कर पायी. शमिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस को आगामी चुनाव में हार की आशंका है, इसलिए इस प्रकार के आरोप लगाये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक अनुभवी राजनेता होने के नाते ममता बनर्जी को स्थिति का अंदाजा है और इसी कारण वह भड़काऊ बयान दे रही हैं.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तृणमूल कांग्रेस भाजपा और चुनाव आयोग दोनों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश करेगी. साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों पर हमलों के मामलों में अब तक कितनी एफआइआर दर्ज हुईं और कितने आरोपियों को गिरफ्तार किया गया? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तृणमूल नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की कथित धमकी के मुद्दे पर भट्टाचार्य ने कहा कि यह टिप्पणी 2021 के चुनाव के बाद हुई हिंसा से संबंधित एफआइआर में नामजद लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के संदर्भ में थी.

राज्य सरकार के रोजगार के रिकॉर्ड पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए ‘युवा साथी’ योजना का उल्लेख किया और कहा कि इससे स्पष्ट है कि राज्य में रोजगार सृजन नहीं हो रहा है. इसके अलावा ‘बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट’ के परिणामों पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि निवेशक पश्चिम बंगाल के बजाय अन्य राज्यों का रुख कर रहे हैं.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles