![]()
झारखंड के इन दुर्घटनाओं में महिला समेत नौ लोग घायल, तीन रिम्स रेफर रांची: झारखंड के अलग-अलग जिलों में शनिवार को हुए सड़क हादसों में दो मासूमों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हैं। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रिम्स (Ranchi) रेफर किया गया है। बालूमाथ-पांकी हाइवे पर दो बाइकों की टक्कर, तीन की मौत लातेहार के बरवाटोली के पास बालूमाथ-पांकी स्टेट हाइवे-10 पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जाता है कि एक बाइक पर चार और दूसरी पर तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरधाबार (हेरहंज) निवासी मोहन गंझू (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तासु निवासी मन्नू भुइयां (20) और गुलाब भुइयां (22) ने बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में विकास भुइयां (18), रंजीत भुइयां (17), कमलेश गंझू (21) और उनकी पत्नी शांति देवी (20) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद रंजीत को छोड़कर अन्य तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया है। पोटका: सड़क हादसे में दो की जान गई पोटका थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर-कोवाली मुख्य पथ पर गाढ़ासाई में दो बाइकों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान लुपुंग गांव निवासी बिपिन मंडल के रूप में हुई है। घायल अमित सरदार का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं, कोवाली में एक अन्य हादसे में सवारी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई और वाहन उसके ऊपर चढ़ गया। मृतका की पहचान पोटका निवासी खेलाराम बेसरा की पत्नी रिंती बेसरा (55) के रूप में हुई है। खोरीमहुआ: सड़क हादसों में दो मासूमों की मौत गिरिडीह के हीरोडीह और घोड़थंभा इलाके में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो बच्चों की जान चली गई। पहली घटना हीरोडीह थाना क्षेत्र के करिहारी गांव की है, जहां 8 वर्षीय गोलू यादव को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक गिरिडीह-कोडरमा मुख्य सड़क को जाम रखा। दूसरी घटना घोड़थंभा ओपी क्षेत्र की है। दो वर्षीय बच्ची प्रतिज्ञा कुमारी को इलाज के लिए एंबुलेंस से कोडरमा ले जाया जा रहा था। इसी दौरान नवलशाही थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एंबुलेंस में सवार महेश पांडेय, विनोद पांडेय, प्रमिला देवी और चंदन पांडेय घायल हो गए। सभी का कोडरमा में इलाज चल रहा है।
झारखंड के अलग-अलग जिलों में सड़क हादसों में सात की मौत
Date:




