![]()
गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत सूरवल गांव में मंगलवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे कुल्फी बेच रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। कुल्फी विक्रेता की मौके पर ही मौत मृतक की पहचान सूरज कुमार (25) के रूप में हुई है, जो छपरा जिले के साहजीतपुर थाना क्षेत्र के पंच मोहल्ला का निवासी था। बताया जाता है कि वह मजदूरी के साथ-साथ कुल्फी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और किराए के मकान में रह रहा था। कार गड्ढे में गिरी, एक युवक पकड़ा गया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क पर जा रहे सूरज कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सीधे सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। कार में सवार दो युवकों में से एक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सड़क जाम, लोगों में आक्रोश हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और आक्रोशित होकर शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इसके कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने मांग की कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई। पुलिस ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही बरौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ सूरज कुमार की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि सूरज ही परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था, जिसकी अचानक मौत से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है। पुलिस कर रही जांच फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
गोपालगंज में अनियंत्रित कार ने कुल्फी विक्रेता को कुचला, मौत:गाड़ी गड्ढे में गिरी, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम; एक आरोपी गिरफ्तार
Date:




