![]()
भास्कर न्यूज | सिमडेगा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडिप योजना के अंतर्गत नगर भवन, सिमडेगा में सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन हुआ। इस अवसर पर निशुल्क सहायक उपकरण का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त कंचन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सूरज मुन्नी कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मैक्सिमा लकड़ा, जिला मत्स्य पदाधिकारी सीमा टोप्पो तथा सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।शिविर में कुल 157 दिव्यांगजनों के बीच विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। इनमें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल (ली – लोन बैटरी सहित), बीटीई हियरिंग एड, क्रच (मीडियम), नी ब्रेस, एलएस बेल्ट, सिलिकॉन कुशन, वॉकिंग स्टिक, फोल्डिंग व्हीलचेयर, विजुअली इम्पेयर्ड किट तथा सुगम्य केन शामिल हैं। उपायुक्त ने कहा कि मोटर चालित ट्राइसाइकिल या अन्य उपकरणों का उपयोग करते समय गति नियंत्रित रखें और सावधानी बरतें। विशेषकर ढलान वाले स्थानों पर साइकिल को खड़ा करते समय लॉक अवश्य करें, अन्यथा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि लाभुकों को उपकरणों के संचालन, रख-रखाव एवं सुरक्षा उपायों की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सक्षम बनाना है। उन्होंने परिजनों से भी अपील की कि वे लाभुकों को इन उपकरणों के उपयोग के प्रति जागरूक करें और हर संभव सहयोग प्रदान करें। कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, जिनके तहत आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या या सहायता की आवश्यकता हो, तो वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे। इस अवसर पर दिव्यांगजन, अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। ” 876 उपकरण वितरण किए जाने हैं ज्ञात हो कि पूर्व में सिमडेगा एवं पाकरटांड़ प्रखंड में दिसंबर 2025 में विशेष कैंप लगाकर दिव्यांगजनों का आकलन (असेसमेंट) किया गया था। इसी आधार पर पात्र लाभुकों की आवश्यकता के अनुसार उपकरणों का चयन किया गया और उसी के अनुरूप उनका वितरण सुनिश्चित किया गया। इस अभियान के तहत कुल 876 उपकरण वितरित किए जाने हैं।
मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, हियरिंग एड, क्रच और सिलिकॉन कुशन बांटे
Date:




