
मुख्य बातें
Kolkata Weather: कोलकाता: पश्चिम बंगाल का मौसम बिगड़ रहा है. गुरुवार दोपहर से ही आसमान में काले घने बादलों का डेरा है. तेज हवा के साथ बारिश हो रही है. कई जगहों पर बिजली गिरने की भी सूचना आ रही है. घने बादलों के प्रभाव से अचानक हुई तेज बारिश के कारण कल मुख्यमंत्री का विमान भी आसमान में काफी देर तक चक्कर लगाता रहा. शुक्रवार को भी तेज हवाएं चलने की संभावना है. राज्य के कई हिस्सों में आपदा विभाग को सचेत कर दिया गया है. दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. कुछ स्थानों पर ओले भी पड़ सकते हैं.
दक्षिण बंगाल में ऑरेंज अलर्ट जारी
अलीपुर स्थित मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी तूफान और बारिश की भविष्यवाणी की है. शुक्रवार के लिए बंगाल के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी तूफान के कारण बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं. परिणामस्वरूप, अगले कुछ दिनों तक तूफान और बारिश जारी रहेगी. राज्य भर में रविवार तक तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. शुक्रवार को पश्चिमी जिले में, यानी…बांकुरा, पुरुलिया, झाड़ग्राम और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा, कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उत्तर बंगाल में भी बारिश का अलर्ट
उत्तर बंगाल भी इससे अछूता नहीं रहेगा. पिछले कुछ दिनों में दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जैसे जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई है. शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में भारी बारिश की आशंका है. इन इलाकों में तेज हवा चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर बिजली गिरने और ओले गिरने की बात कही गयी है. शुक्रवार को कोलकाता के आसमान में भी बादल छाये रहेंगे. इसके चलते आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है.
Also Read: कोलकाता मौसम : बंगाल को गर्मी से राहत, चार दिनों तक बारिश और आंधी का अलर्ट




