![]()
झारखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा है। 30 मार्च को मौसम शुष्क, तापमान में बढ़ोतरी संभव मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि इस दिन अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इससे लोगों को दिन में हल्की गर्मी का एहसास होगा। 29 और 30 मार्च के दौरान कई जिलों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है। शनिवार को मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रांची में 32.2 और जमशेदपुर में 34.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। 31 मार्च से फिर बदलेगा मौसम 31 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग को छोड़कर लगभग सभी जिलों में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। रांची, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, देवघर, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। वहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 1 अप्रैल को दक्षिणी झारखंड में भी कहीं-कहीं तेज हवा और गर्जन के साथ बारिश के संकेत हैं। पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश, तापमान में गिरावट पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। संताल परगना के राजमहल में सबसे अधिक 64 मिमी बारिश हुई। रांची, जमताड़ा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, रामगढ़ सहित कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। जिससे तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल और ओडिशा क्षेत्र में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक राज्य में आंधी-बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।

