कोडरमा में मंगलवार को छोटे बेटे का पहला जन्मदिन मनाने की तैयारी में जुटी महिला की छत से गिरने से मौत हो गई। हादसा कोडरमा थाना क्षेत्र के इंदरवा गांव में हुआ। इधर, सदर अस्पताल में इलाज में लापरवाही के आरोप में परिजनों ने घंटों हंगामा किया। मृतका की पहचान तिलेश्वर साव की पत्नी मीना देवी (30) के रूप में की गई। मृतका के परिजन विनोद साव ने बताया कि मंगलवार को मीना देवी के सबसे छोटे बेटे, एक वर्षीय कृष्ण कुमार का जन्मदिन है। छत की सफाई के दौरान नीचे गिरी इसी अवसर पर मीना अपने घर की साफ-सफाई कर रही थीं। छत की सफाई के दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वे सीधे जमीन पर गिर गईं। मीना देवी के पति तिलेश्वर साहू ने बताया कि उनके मकान की छत पर सामने से घेराबंदी नहीं थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इधर, जमीन पर गिरने से मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उसे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में करीब दो घंटे तक चले उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप मीना देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने सदर अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का दावा था कि जब मीना देवी को अस्पताल लाया गया था, तब उसकी स्थिति गंभीर नहीं थी और वे बातचीत भी कर रही थीं। परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण ही मीना देवी की तबीयत बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। एसडीओ के आश्वासन पर परिजनों ने प्रदर्शन बंद किया
वहीं, हंगामे की सूचना पर प्रभारी एसडीओ ओम प्रकाश मंडल और कोडरमा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। कई घंटों तक चले इस हंगामे के बाद एसडीओ के आश्वासन पर परिजनों ने प्रदर्शन बंद किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। प्रभारी एसडीओ ओम प्रकाश मंडल ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


