![]()
शेखपुरा जिले के घाटकोसुम्भा प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को एक शिक्षक की बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जल गई। यह घटना तब हुई जब शिक्षक जनगणना कार्य के प्रशिक्षण में भाग लेने पहुंचे थे। बाऊ घाट थाना अध्यक्ष शंकर कुमार ने बताया कि यह बाइक नालंदा जिले के चेरो थाना क्षेत्र के चेरो गांव निवासी देव नंदन प्रसाद के पुत्र स्वामी नंदन की थी। स्वामी नंदन घाट कुसुम्भा गांव के प्राथमिक विद्यालय बिंद टोला में पदस्थापित हैं। शिक्षक अपनी बाइक (निबंधन संख्या BR-21R-5951) से प्रखंड कार्यालय आए थे। जैसे ही वे बाइक से उतरकर प्रशिक्षण हॉल की ओर बढ़े, बाइक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को आग बुझाने का मौका नहीं मिला और पूरी बाइक जलकर राख हो गई। पीड़ित शिक्षक ने थाने में दिया आवेदन घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष शंकर कुमार, पुलिस सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। कार्यालय में रखे अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। थाना अध्यक्ष शंकर कुमार ने बताया कि पीड़ित शिक्षक ने इस संबंध में स्थानीय थाने में एक आवेदन दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


