![]()
गयाजी में शनिवार की रात दो ट्रेनों पर हमले का मामला सामने आया है। पहली घटना मानपुर स्टेशन की है, जहां आक्रोशित यात्रियों ने ट्रेन के इंजन पर पत्थरों से हमला किया। वहीं, दूसरी घटना गुरारू स्टेशन का है, जहां 13350 पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस के एसी कोच का शीशा टूटा हुआ पाया गया। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि मानपुर स्टेशन पर देर तक ट्रेन नंबर 53403 के रुके रहने के कारण एक यात्री ने इंजन को निशाना बनाकर पत्थर चलाया। इसमें इंजन का लुकिंग ग्लास टूट गया। इस मामले को लेकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। डेढ़ घंटे तक ट्रेन खड़ी रहने पर हंगामा जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 53403 रामपुर हाट-गया पैसेंजर ट्रेन के मानपुर स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक खड़े रहने से यात्री आक्रोशित हो गए और ट्रेन के इंजन को निशाना बनाकर रोड़ेबाजी की गई। इस घटना में इंजन के शीशे टूट गए। बताया गया कि जिस समय यह ट्रेन मानपुर स्टेशन पहुंची, उसी समय राजधानी एक्सप्रेस के आने काभी समय हो गया था। बताया गया कि राजधानी एक्सप्रेस समेत मालगाड़ियों को पास कराने के लिए पैसेंजर ट्रेन को करीब डेढ़ घंटे तक रोके रखा गया। इससे आक्रोशित यात्रियों ने रोड़ेबाजी की। पटना-सिंगरौली एक्स.पर भी चलाए पत्थर वहीं बताया गया है कि 13350 पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस करीब 23.32 बजे गुरारू स्टेशन पहुंची थी। यहां ऑन ड्यूटी आरपीएफ जवान नेए-1 कोच के दो खिड़की का शीशा टूटा देखा। इसकी सूचना तुरंत रफीगंज पोस्ट व डीडीयू मंडल को दी गई। सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई और ट्रेन के डेहरी ऑन सोन स्टेशन पहुंचने पर उक्त कोच में जाकर घटना की जानकारी ली गई। लेकिन जहां शीशा टूटा था, संबंधित बर्थ के यात्री से पूछताछ में कुछ पता नहीं चला। यात्री का कहना था कि खिड़की पर पर्दा लगा था और सोये रहने के कारण कहां पत्थर मारा गया उसे कुछ पता नहीं चला। कोच अटेंडेंट व टीटीई को भी शीशा टूटने का पता नहीं चला।
