Top 5 This Week

Related Posts

मधेपुरा में अवैध संबंध के शक में पत्नी का मर्डर:पति ने गला रेत कर शव घर से आधा किमी दूर दफनाया, पुलिस ने निकाला


मधेपुरा के बेलारी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। अवैध संबंध के शक में आरोपी ने पहले पत्नी का गला रेत दिया, फिर शव को घसीटते हुए घर से करीब आधा किलोमीटर दूर ले जाकर ढाई फीट गड्ढा खोदकर दफना दिया। घटना गंगारही वार्ड संख्या चार की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका की पहचान त्रिफुल देवी (36) के रूप में हुई है, जो सुरेश ऋषिदेव की पत्नी थी। घटना के बाद आरोपी पति सुरेश ऋषिदेव खुद थाने पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका के बेटे राकेश कुमार ने बताया कि रविवार की रात करीब 9 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। रात करीब तीन बजे उसकी अचानक नींद खुली, तो उसने देखा कि उसकी मां घर में नहीं हैं। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। आशंका के आधार पर परिजन नानी के गांव धुरगांव भी पहुंचे, लेकिन वहां भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह जब वे लोग वापस लौटे तो घर के बाहर एक कुदाल पड़ा हुआ मिला। यह वही कुदाल था, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर गोबर फेंकने के लिए किया जाता था, लेकिन उस दिन उस पर ताजी मिट्टी लगी हुई थी। इससे परिजनों का शक और गहरा गया। राकेश ने इस बारे में अपने दादा को जानकारी दी। जब दादा ने सुरेश ऋषिदेव से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को गांव के बाहर दफना दिया है। यह सुनते ही परिवार के लोग सन्न रह गए। इसके बाद परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां मिट्टी खोदने पर त्रिफुल देवी का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की बेटी कोमल कुमारी ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात में सभी के सो जाने के बाद उसके पिता ने कुदाल से उसकी मां की हत्या कर दी और फिर शव को घर से दूर ले जाकर दफना दिया। बच्चों के इस बयान ने घटना की भयावहता को और भी स्पष्ट कर दिया है। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी सुरेश ऋषिदेव ने बताया कि उसे अपनी पत्नी पर किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उसने कई बार पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। मृतका के भाई लोचन ऋषिदेव ने बताया कि उनकी बहन की शादी वर्ष 2008 में गंगारही गांव निवासी सुरेश ऋषिदेव से हुई थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते थे, लेकिन हत्या जैसी घटना की उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। इस निर्मम हत्या की घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकेगा। वहीं, आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

Spread the love

Popular Articles