
Dumka Crime News, दुमका (आनंद जायसवाल): दुमका जिले के जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत तालझारी थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए. तालझारी हाट के समीप घटित इस वारदात में दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब 9.50 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी पर हाथ साफ किया. घटना के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय व्यापारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है.
पिस्तौल सटाकर दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित आभूषण विक्रेता दिलीप कुमार साह कुशमाहा गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने साथ हुए वारदात के संबंध में बताया कि 8 अप्रैल की शाम वह अपनी दुकान बंद करने के बाद जेवरात को एक थैले में रखकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. उनके साथ उनके संबंधी हरिनंदन साह भी पीछे बैठे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया. अपराधियों ने व्यवसायी की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए जेवरातों से भरा थैला छीन लिया. लूट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुराना थाना गली की ओर भाग निकले.
Also Read: पतरातू के हेसला में जमीन विवाद पर बवाल: सड़क जाम, टायर जलाकर उग्र प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन आमने-सामने
9.50 लाख के जेवरातों की हुई लूट
पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, लूटे गए थैले में लगभग दो किलोग्राम चांदी और 35 ग्राम सोना था. वर्तमान बाजार दर के हिसाब से इन जेवरातों की कुल कीमत करीब 9.50 लाख रुपये आंकी गई है. प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के बयान के अनुसार, अपराधी नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने चेहरे को ढक रखा था. घटना के तुरंत बाद व्यवसायी ने तालझारी थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया है.
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही तालझारी थाना पुलिस सक्रिय हो गई है और अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके. हालांकि, शाम के समय भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस लूट ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. पुलिस ने व्यवसायियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
The post दुमका में व्यवसायी से 9.50 लाख रुपये के आभूषणों की लूट, अपराधियों ने कनपटी पर पिस्तौल सटा दिया घटना को अंजाम appeared first on Prabhat Khabar.

![IPL 2026 [WATCH]: Axar Patel stands by David Miller amid ‘no-single’ controversy after DC’s heart-wrenching loss to GT IPL 2026 [WATCH]: Axar Patel stands by David Miller amid ‘no-single’ controversy after DC’s heart-wrenching loss to GT](https://crickettimes.com/wp-content/uploads/2026/04/Axar-Patel-stands-by-David-Miller-amid-No-single-controversy-after-DCs-heart-wrenching-loss-to-GT.webp)