![]()
भारतीय रेलवे ने गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए तीन समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये ट्रेनें आसनसोल मंडल के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। रेलवे ने बनारस-कोलकाता, तिरुपति-रक्सौल और योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता के बीच चलने वाली इन ट्रेनों की समय-सारणी, यात्रा की तिथियां और कुल फेरों की विस्तृत जानकारी जारी की है। ट्रेन संख्या 05048 बनारस-कोलकाता स्पेशल 14 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 के बीच कुल तीन फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को सुबह 10:45 बजे बनारस से प्रस्थान करेगी और अगले दिन (बुधवार) सुबह 06:15 बजे कोलकाता पहुंचेगी। कोलकाता-बनारस स्पेशल प्रत्येक बुधवार को होगी रवाना वापसी में, ट्रेन संख्या 05047 कोलकाता-बनारस स्पेशल 15 अप्रैल से 29 अप्रैल 2026 के बीच तीन फेरे लगाएगी। यह प्रत्येक बुधवार को सुबह 08:25 बजे कोलकाता से रवाना होगी और अगले दिन (गुरुवार) सुबह 04:15 बजे बनारस पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसी कोच उपलब्ध होंगे और यह दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर तथा जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन संख्या 07051 तिरुपति-रक्सौल स्पेशल 13 अप्रैल से 25 मई 2026 के बीच कुल सात फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को सुबह 08:15 बजे तिरुपति से चलेगी और तीसरे दिन शाम 05:00 बजे रक्सौल पहुंचेगी। ट्रेन बराकर, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी वापसी में, ट्रेन संख्या 07052 रक्सौल-तिरुपति स्पेशल 16 अप्रैल से 28 मई 2026 के बीच सात फेरे लगाएगी। यह प्रत्येक गुरुवार को सुबह 03:15 बजे रक्सौल से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन (शनिवार) सुबह 09:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी। यह ट्रेन बराकर, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें सामान्य, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा उपलब्ध होगी। ट्रेन संख्या 04312 योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल 17 अप्रैल से 10 जुलाई 2026 के बीच कुल 13 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को रात 10:20 बजे ऋषिकेश से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 08:00 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 04311 कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल 19 अप्रैल से 12 जुलाई 2026 के बीच 13 फेरे लगाएगी। यह प्रत्येक रविवार को दोपहर 01:55 बजे कोलकाता से चलेगी और अगले दिन रात 11:30 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी। यह ट्रेन दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें सामान्य, स्लीपर और एसी कोच उपलब्ध रहेंगे। रेलवे ने बताया कि इन सभी समर स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा की योजना बनाकर समय से आरक्षण कराएं, ताकि गर्मी के मौसम में होने वाली भीड़ से बचा जा सके।

