![]()
लोहरदगा| श्री हरि वनवासी विकास समिति द्वारा संचालित रामकली देवी सरस्वती शिशु मंदिर में नवरात्रि उत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यालय के आचार्यों ने नवरात्रि के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि भारतीय संस्कृति का एक प्रमुख त्योहार है। यह मां दुर्गा एवं उनकी नौ शक्तियों की आराधना को समर्पित है। नवरात्रि का अर्थ है नौ रातें। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। नवरात्रि हमें नारी शक्ति का सम्मान करने, सत्य के मार्ग पर चलने और अपने भीतर साहस, संयम व सकारात्मकता विकसित करने की प्रेरणा देती है। वहीं, बच्चों ने मां शैलपुत्री, मां ब्रह्मचारिणी, मां चंद्रघंटा, मां कूष्मांडा, मां स्कंदमाता, मां कात्यायनी, मां कालरात्रि, मां महागौरी एवं मां सिद्धिदात्री के स्वरूपों को सुंदर वेशभूषा के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा तथा मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया।
बच्चों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की मनमोहक प्रस्तुति दी
