![]()
रिम्स में चिकित्सा शिक्षा, मरीजों के इलाज और अस्पताल प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए बड़े बदलाव की तैयारी है। गुरुवार को हुई शासी परिषद की 66वीं बैठक में संस्थान के पुनर्गठन, 10 नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग खोलने, मेडिकल सीटें बढ़ाने और पूरे परिसर के नवीनीकरण से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी के आधार पर प्रति सीट 1.5 करोड़ रुपए की सहायता के प्रावधान के तहत रिम्स को करीब 466 करोड़ रुपए मिलने की संभावना है। इस राशि से पुरानी इमारतों, अस्पताल, शैक्षणिक भवनों और आवासीय परिसर का नवीनीकरण किया जाएगा। बैठक में कुल 16 एजेंडे रखे गए। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने बैठक के बाद फैसलों की जानकारी दी। प्रस्तावित विस्तार के अनुरूप फैकल्टी और गैर-शैक्षणिक पदों के साथ विभागों व प्रशासनिक व्यवस्था का भी पुनर्गठन किया जाएगा। कुछ प्रस्तावों पर कैबिनेट की मंजूरी जरूरी होगी। स्वास्थ्य मंत्री ने निदेशक को शासी परिषद के फैसलों का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। -शेष पेज 9 पर सुपर स्पेशियलिटी की सीटें 150, पीजी की 250 होंगी रिम्स में सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों की सीटें मौजूदा 11 से बढ़ाकर 150 करने का प्रस्ताव है। वहीं, पीजी की सीटें 176 से बढ़ाकर 250 करने की योजना है। सीटों में बढ़ोतरी के लिए संबंधित पाठ्यक्रमों में फैकल्टी और जरूरी आधारभूत संरचना का विस्तार करना होगा। इसके लिए आवश्यक औपचारिक मंजूरियां और प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।
शासी परिषद की बैठक में 16 एजेंडे पर चर्चा:466 करोड़ से बदलेगी रिम्स की सूरत, 10 नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग बनेंगे
