Top 5 This Week

Related Posts

जमशेदपुर के चांडिल में हाथियों ने बुजुर्ग को कुचला:जंगल गए थे राधा तांती, हाथियों ने घेर कर किया हमला, ग्रामीणों में आक्रोश


जमशेदपुर के चांडिल वन क्षेत्र में हाथियों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शनिवार सुबह कुकडू प्रखंड की तिरुलडीह पंचायत के सापारुम गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां हाथियों के झुंड ने एक बुजुर्ग को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान तांती टोला निवासी 60 वर्षीय राधा तांती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राधा तांती रोज की तरह सुबह शौच के लिए गांव के पास स्थित जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, करीब छह हाथियों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हालांकि, इस दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि पिछले एक महीने से हाथियों का झुंड लगातार इलाके में सक्रिय है। कई गांवों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। तत्काल सहायता के रूप में मिले 50 हजार वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 50 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है। साथ ही शेष मुआवजा जल्द देने का आश्वासन दिया गया है। लेकिन ग्रामीण इस मदद से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि आर्थिक सहायता से ज्यादा जरूरी है इस समस्या का स्थायी समाधान। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों को क्षेत्र से हटाने, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और प्रभावित इलाकों में निगरानी तेज करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Spread the love

Popular Articles