![]()
गोड्डा जिले के नगर थाना क्षेत्र में पैरडीह ओवरब्रिज के समीप दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चावल से लदा एक पिकअप वाहन अचानक टायर फटने के बाद अनियंत्रित हो गया और बीच सड़क पर पलट गया। हादसा इतना तेज था कि वाहन पर सवार लोग नीचे गिर पड़े। मृतक की पहचान गोड्डा के गोड़ी निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। वाहन के ऊपर बैठे थे तीनों जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन IFC गोदाम पांडू बधान से चावल लोड कर खटनई भारती किता की ओर जा रहा था। वाहन जब पैरडीह एनएच पर चढ़ने से पहले ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क पर पलट गया। बताया गया है कि मृतक अजीत कुमार समेत संदीप कुमार और चालक शमीम वाहन के ऊपर बैठे हुए थे, जिससे हादसे में वे सीधे सड़क पर गिर गए। संदीप कुमार और चालक शमीम को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल अजीत कुमार को तुरंत सदर अस्पताल गोड्डा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। नगर थाना प्रभारी दिनेश महली ने बताया कि प्रथम दृष्टया टायर फटने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। इधर, मृतक के परिवार में शोक की लहर है। अजीत कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और अपने पीछे पत्नी व दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
